
IPL इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं शतक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट खिलाड़ियों का जलवा रह है।
चाहे वह पहले ही IPL में शेन वार्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स (RR) का खिताब जीतना हो, या शेन वॉटसन का 2018 फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए लगाया गया बेहतरीन शतक।
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज अपनी निडर बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में आइए जानें अब तक किन-किन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने IPL में शतक लगाया है।
#1
शेन वॉटसन (4 शतक)
IPL इतिहास के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में से एक वॉटसन ने IPL में 4 शतक लगाए हैं।
उन्होंने 2013 में RR के लिए खेलते हुए CSK के खिलाफ 101 रन बनाए थे। इसके बाद 2015 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 104 रन की पारी खेली थी।
उन्होंने IPL 2018 में CSK के लिए खेलते हुए RR के खिलाफ 117 रन बनाए थे। इसी IPL में फाइनल में उन्होंने SRH के खिलाफ शतक लगाकर CSK को खिताब जिताया था।
#2
डेविड वार्नर (4 शतक)
IPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन (6,565 रन) बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी डेविड वार्नर ने भी इस लीग में 4 शतक अपने नाम किए हैं।
उन्होंने 2010 में दिल्ली कैपिटल्स (तब की दिल्ली डेयरडेविल्स) के लिए खेलते हुए KKR के खिलाफ 107 रन की पारी खेली थी। इसके बाद 2012 में उन्होंने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 109 रन की पारी खेली।
वार्नर ने 2 शतक SRH के लिए 2017 (बनाम KKR) और 2019 (बनाम RCB) में लगाए थे।
#3
एडम गिलक्रिस्ट (2 शतक)
साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स को खिताब जिताने वाले कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने IPL में 80 मैच खेले, जिनमें 2 शतक लागए हैं।
पहले ही IPL में उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 109 रन की पारी खेली थी।
इसके बाद 2011 में उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब (अब की पंजाब किंग्स) के लिए खेलते हुए RCB के खिलाफ 55 गेंदों में 106 रन की पारी खेली थी।
#4, #5 और #6
माइकल हसी, शॉन मार्श और एंड्रयू साइमंड्स (1-1 शतक)
'मिस्टर क्रिकेट' के नाम से मशहूर माइकल हसी में IPL में अपनी खूब छाप छोड़ी है। IPL 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ उनकी 54 गेंदों में 118 रनों की पारी सभी को याद होगी।
IPL 2008 के 'ऑरेंज कैप' विजेता शॉन मार्श ने उस IPL में 616 रन बनाए थे। इसमें एक शतक भी शामिल था।
IPL 2008 में ही एंड्रयू साइमंड्स ने भी डेक्कन चार्जर्स के लिए खेलते हुए RR के खिलाफ शतक लगाया था।
#7, #8, #9
स्टीव स्मिथ, कैमरून ग्रीन, ट्रैविस हेड (1-1 शतक)
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने IPL 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेलते हुए शतक लगाया था।
इसके बाद साल 2023 में अपने डेब्यू IPL में ही कैमरून ग्रीन ने छाप छोड़ी थी और MI के लिए खेलते हुए SRH के खिलाफ शतक जड़ा था।
IPL 2024 में धाकड़ बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने RCB के खिलाफ मात्र 39 गेंदों में शतक ठोक दिया था। उस समय ये IPL इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक था।
#10 और #11
मार्कस स्टोइनिस और मिचेल मार्श (1-1 शतक)
IPL 2024 में ही लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) के लिए खेलते हुए CSK के खिलाफ ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने बेहतरीन शतक लगाया था। उन्होंने मात्र 63 गेंदों में 124 रन की पारी खेली थी।
इस सूची में सबसे नया नाम मिचेल मार्श का है। उन्होंने IPL 2025 के 64वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी (117) खेली। यह उनके अब तक के IPL करियर का पहला शतक रहा।