टी-20 विश्व कप के इतिहास में ये हैं सबसे बड़े टीम स्कोर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में इस समय सुपर-8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। भारत और श्रीलंका में खेले जा रहे इस संस्करण में अब तक कई रोमांचक मैच हुए हैं। कुछ मैचों में टीमों ने बड़े स्कोर बनाने में सफलता हासिल की है। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के दौरान टी-20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया। इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्कोर के बारे में जानते हैं।
#1
श्रीलंका (260/6 बनाम केन्या, 2007)
श्रीलंका क्रिकेट टीम ने साल 2007 के टी-20 विश्व कप में केन्या क्रिकेट टीम के खिलाफ 260/6 का स्कोर बनाया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या ने 44 गेंदों में 88 रन बनाए थे। महेला जयवर्धने के बल्ले से सिर्फ 27 गेंदों में 65 रन निकले थे। जवाब में केन्या की टीम सिर्फ 88 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मुकाबले में श्रीलंका को 172 रन से शानदार जीत मिली थी।
#2
वेस्टइंडीज (254/6 बनाम जिम्बाब्वे, 2026)
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 54 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इसके बाद शिमरोन हेटमायर (85) और रोवमैन पॉवेल (59) ने अर्धशतक लगाए। आखिर में शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 31 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 254/6 तक पहुंचाया। जवाब में जिम्बाब्वे ने 52 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। निचले क्रम में ब्रैड इवांस (43) ने अच्छी पारी खेली और पूरी टीम 147 रन पर सिमट गई।
#3
आयरलैंड (235/5 बनाम ओमान, 2026 )
टी-20 विश्व कप 2026 के 22वें मैच में आयरलैंड क्रिकेट टीम ने ओमान के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 235/5 का स्कोर बनाया था। आयरिश टीम से लोरकन टकर ने 51 गेंदों में नाबाद 94 रन की पारी खेली। उनके अलावा गैरेथ डेलानी ने 30 गेंदों में 56 रन का योगदान दिया था। जवाब में ओमान की टीम सिर्फ 139 रन पर ही सिमट गई थी।
#4
इंग्लैंड (230/8 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2016)
इस सूची में चौथे स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम है। इंग्लिश टीम ने 2016 के टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 230/8 का स्कोर बनाया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 229/4 का स्कोर बनाया थ, जिसमें हाशिम अमला ने 58 और क्विंटन डिकॉक ने 52 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने 8 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल किया था। जो रूट के बल्ले से 44 गेंदों में 83 रन निकले थे।