LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026 में इन ऑलराउंडर्स ने किया कमाल का प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या के लिए अच्छा रहा टी-20 विश्व कप (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टी-20 विश्व कप 2026 में इन ऑलराउंडर्स ने किया कमाल का प्रदर्शन

Mar 10, 2026
03:45 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट के खेल में ऑलराउंडर टीम को संतुलन प्रदान करते हैं। भारतीय टीम में भी हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे उपयोगी ऑलराउंडर मौजूद हैं, जिनके प्रदर्शन के दम पर टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। इस संस्करण में विश्व के कुछ ऑलराउंडर्स ने अपनी-अपनी टीमों के लिए उम्दा प्रदर्शन किया। इस बीच टी-20 विश्व कप 2026 में उम्दा प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर्स के बारे में जानते हैं।

#1 

हार्दिक पांड्या 

पांड्या ने इस संस्करण के सभी 9 मैचों में हिस्सा लिया, जिसमें बल्लेबाजी में उन्होंने 9 ही पारियों में 27.12 की औसत और 160.74 की स्ट्राइक रेट के साथ 217 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 32.33 की औसत और 8.81 की इकॉनमी रेट के साथ 9 ही विकेट लिए। उन्होंने नई गेंद के साथ पावरप्ले ओवरों में और पुरानी गेंद से डेथ ओवरों में भी गेंदबाजी की।

#2 

शिवम दुबे 

भारतीय ऑलराउंडर दुबे ने इस संस्करण में भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने 39.16 की औसत और 169.06 के स्ट्राइक रेट से 235 रन बनाए। इसमें नीदरलैंड के खिलाफ सिर्फ 31 गेंदों पर 66 रन की तूफानी पारी भी शामिल है। गेंदबाजी में उन्होंने सिर्फ 10.2 ओवर फेंके, जिसमें उन्होंने 5 विकेट चटकाए। हालांकि, गेंदबाजी में वह महंगे साबित हुए और उनकी इकॉनमी रेट लगभग 14 की रही।

Advertisement

#3 

जेसन होल्डर 

वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर ने गेंदबाजी में इस संस्करण में 8.86 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए। उन्होंने स्कॉटलैंड (3/30) और नेपाल (4/27) के खिलाफ ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में उन्होंने इंग्लैंड (17 गेंदों पर 33 रन), दक्षिण अफ्रीका (31 गेंदों पर 49 रन), और भारत (22 गेंदों पर 37* रन) के खिलाफ उपयोगी पारियां खेलीं। उन्होंने 35.25 की औसत और 174.07 की स्ट्राइक रेट से 141 रन अपने नाम किए।

Advertisement

#4 

विल जैक्स 

इंग्लैंड के विल जैक्स ने एक टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच (4) जीतने के शेन वॉटसन के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इस संस्करण में उन्होंने मैच फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई और 8 पारियों में 56.50 की औसत और 176.56 की स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 21.66 की औसत से 9 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने 9.75 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए।

Advertisement