केरल क्रिकेट एसोसिएशन ने एस श्रीसंत पर लगाया प्रतिबंध हटाया
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने श्रीसंत पर लगा 3 साल का प्रतिबंध हटा दिया है। आरोप था कि उन्होंने टीवी डिबेट के दौरान KCA के खिलाफ भ्रामक बयान दिए थे। विवाद होने के बाद श्रीसंत ने KCA ने बिना शर्त माफी मांगी और अब राज्य क्रिकेट बोर्ड ने प्रतिबंध वापस ले लिया है। ऐसे में श्रीसंत अब KCA से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने के योग्य हुए हैं।
फैसला
केरल क्रिकेट लीग में सह-मालिक बने रहेंगे श्रीसंत
1 जुलाई, 2026 को KCA की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में श्रीसंत की माफी पर विस्तार से चर्चा हुई। बॉडी ने उनके बिना शर्त माफी को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। हालांकि, उन्होंने उन्हें चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कोई भी व्यवहार करने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से श्रीसंत के केरल क्रिकेट लीग (KCL) सीजन 3 में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक बने रहने का रास्ता साफ हुआ है।
प्रकरण
क्या है KCA और श्रीसंत का पूरा मामला?
श्रीसंत और KCA के बीच विवाद तब पैदा हुआ जब संजू सैमसन को केरल की विजय हजारे ट्रॉफी टीम से बाहर किया गया था। उसके बाद उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी नजरअंदाज किया गया था। इससे श्रीसंत काफी नाराज थे और उन्होंने सैमसन के चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं चुने जाने पर KCA पर सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप था कि एसोसिएशन की नीतियों और लड़ाई की वजह से ही सैमसन को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली।
फिक्सिंग
मैच फिक्सिंग में आ चुका है श्रीसंत का नाम
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2013 संस्करण में स्पॉट फिक्सिंग में 3 खिलाड़ियों पर आजीवन बैन लगा था जिसमें श्रीसंत भी शामिल थे। श्रीसंत पर आरोप लगे थे कि उन्होंने सट्टेबाजों से पैसे लिए थे। अदालत का दरवाजा खटखटाने पर श्रीसंत को अगस्त 2019 में राहत मिली थी और उनके प्रतिबंध को 7 साल का कर दिया था। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2020 के जरिए उन्होंने दोबारा से घरेलू क्रिकेट में वापसी की थी।
करियर
ऐसा रहा था श्रीसंत का करियर
श्रीसंत तीनों प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हियँ। श्रीसंत ने 27 टेस्ट की 50 पारियों में 37.59 की औसत से 87 विकेट चटकाए थे। उन्होंने वनडे क्रिकेट की 52 पारियों में 33.44 की औसत और 6.07 की इकॉनमी से 75 विकेट लिए थे। 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 9 पारियों में उन्होंने 41.14 की औसत और 8.47 की इकॉनमी से 7 विकेट लिए थे। उन्होंने 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।