भारतीय क्रिकेट टीम ने इन कप्तानों की नेतृत्व में 2 टी-20 सीरीज गंवाई
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम इस समय टी-20 अंतरराष्ट्रीय में खराब प्रदर्शन कर रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलते हुए आयरलैंड में सीरीज में क्लीन स्वीप झेलने के बाद भारत को इंग्लैंड में भी सीरीज गंवानी पड़ी है। भारत ने 2023 के बाद अब 2026 में किसी टी-20 सीरीज को गंवाया है। इस बीच उन कप्तानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने 2 टी-20 सीरीज में शिकस्त का सामना किया है।
#1
महेंद्र सिंह धोनी (बनाम न्यूजीलैंड, 2009 और बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2015)
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप 2007 का खिताब जीता था। वह हर प्रारूप में सफल कप्तान साबित हुए थे। हालांकि, उनके नेतृत्व में भारतीय टीम को 2 टी-20 सीरीज में शिकस्त भी झेलनी पड़ी थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ 2009 में खेली गई 2 टी-20 सीरीज में भारत को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने भी धोनी की कप्तानी वाली टीम को 2-0 से हराया था।
#2
श्रेयस अय्यर (बनाम आयरलैंड और बनाम इंग्लैंड, 2026)
भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 की खिताबी जीत के बाद से अब तक 6 टी-20 मैच खेले हैं। इस बीच आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों में भारत को क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी है। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर दूसरे, तीसरे और चौथे टी-20 में भारत को हार मिली है और पहला टी-20 बारिश के कारण बेनतीजा रहा था। दिलचस्प रूप से इन सभी मैचों में अय्यर ने टीम का नेतृत्व किया है।
अय्यर
अय्यर के नाम दर्ज हुआ ये शर्मनाक रिकॉर्ड
कप्तान अय्यर के नाम एक और शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान सबसे कम मैचों में 5 हार झेलने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अय्यर ने यह आंकड़ा सिर्फ 6 मैचों में छुआ। इस मामले में विराट कोहली ने 12 मैच, धोनी ने 15 मैच और हार्दिक पांड्या ने 16 मैचों में 5 हार झेली थीं।वहीं, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को इसके लिए 31-31 मैच लगे थे।
अन्य सीरीज
इन कप्तानों के नेतृत्व में 1 सीरीज हारी है भारतीय टीम
अब तक चुनिंदा भारतीय कप्तानों ने 1 टी-20 सीरीज हारी (कम से कम 2 मैच) हैं। रोहित के नेतृत्व में खेलते हुए भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2019 में 1-2 से हार मिली थी। उसी साल कोहली की अगुआई वाली टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्लीन स्वीप (2-0) झेलनी पड़ी थी। भारतीय टीम शिखर धवन की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ 1-2 से (2021) और हार्दिक की कप्तानी में वेस्टइंडीज से (3-2) सीरीज हारी थी।