द हंड्रेड 2026: मुस्तफिजुर रहमान खेलेंगे पूरा संस्करण, BCB ने जारी की NOC
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से द हंड्रेड के पूरे संस्करण में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दी है। BCB ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को NOC जारी कर दी है। इसका मतलब है कि वह 21 जुलाई से शुरू होने वाले पुरुषों के द हंड्रेड 2026 के पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उपलब्धि
द हंड्रेड में शामिल होने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर
मुस्तफिजुर इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग द हंड्रेड में खेलने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर बनकर इतिहास रचेंगे। द हंड्रेड 2026 के खिलाड़ी ड्राफ्ट के दौरान बर्मिंघम फीनिक्स ने उन्हें एक लाख पाउंड (लगभग 1.27 करोड़ रुपये) की शुरुआती कीमत पर अपने साथ जोड़ा है। BCB के एक अधिकारी ने क्रिकबज से कहा, "हमने मुस्तफिजुर को द हंड्रेड में खेलने के लिए उन्हें एक महीने के लिए NOC दे दी है।"
जानकारी
टी-20 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
मुस्तफिजुर टी-20 क्रिकेट के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने 329 टी-20 मैचों में 21.04 के औसत से 420 विकेट लिए हैं। बांग्लादेश के खिलाड़ियों में उनसे अधिक विकेट केवल शाकिब अल हसन (507) ने लिए हैं।
स्थिति
बांग्लादेश के अन्य खिलाड़ियों की स्थिति
जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 टी-20 मैचों की सीरीज के बाद BCB अधिकारियों ने परवेज हुसैन एमोन को ग्लोबल सुपर लीग (GSL) के लिए NOC दे दी है। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की लाहौर कलंदर्स ने उन्हें GSL के लिए चुना है। टूर्नामेंट इसी महीने के अंत में शुरू होने वाला है। वहीं, बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद विटैलिटी ब्लास्ट के आखिरी 3 ग्रुप स्टेज मैच केंट स्पिटफायर्स के लिए खेलेंगे। केंट क्रिकेट ने उनकी भागीदारी की पुष्टि की है।