IPL में विराट कोहली द्वारा बनाए गए सबसे तेज अर्धशतक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के इस सफल अभियान में विराट कोहली ने 650 से अधिक रन बनाए। उन्होंने लगातार चौथे सीजन में 600 रन का आंकड़ा पार किया। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में कोहली ने अपने IPL करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। इस बीच IPL में कोहली द्वारा बनाए गए सबसे तेज अर्धशतकों के बारे में जानते हैं।
#1
25 गेंद बनाम GT, 2026
कोहली ने फाइनल में GT के खिलाफ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 42 गेंदों में 75 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी पारी की मदद से RCB ने जीत के लिए मिले 156 रन के लक्ष्य को 5 विकेट के नुकसान पर हासिल किया। इस बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के लिए कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
#2
26 गेंद बनाम RR, 2018
IPL 2018 के 11वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 217/4 का स्कोर बनाया था। RR से संजू सैमसन ने 92 रन की पारी खेली थी। चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में अर्धशतक लगाया। वह 30 गेंदों में 190.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए थे। उनकी पारी के बावजूद RCB को मैच में हार मिली थी।
#3
26 गेंद बनाम DC, 2018
IPL 2018 के 45वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने RCB के खिलाफ 181/4 का स्कोर बनाया था, जिसमें ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाया था। जवाब में RCB से कोहली ने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में 40 गेंदों का सामना करते हुए 70 रन बनाए थे। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए थे। RCB ने मैच में जीत दर्ज की थी।
#4
27 गेंद बनाम LSG, 2025
IPL 2025 के 70वें मैच में RCB ने लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हराया था। उस मैच में LSG ने पहले खेलते हुए 227/3 का स्कोर बनाया था। इकाना स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इस दिग्गज बल्लेबाज ने 30 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 54 रन की पारी खेली थी। वह आवेश खान की गेंद पर आउट हुए थे।