विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी का कमाल, एकसाथ खेले 400 अंतरराष्ट्रीय मैच
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की जोड़ी ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में सीरीज के तीसरे वनडे में उतरते ही बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह इस जोड़ी का रिकॉर्ड 400वां अंतरराष्ट्रीय मैच रहा। यह जोड़ी पहले ही भारत के लिए एकसाथ सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। इन्होंने सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ (391) को पीछे छोड़ा था।
जोड़ी
वैश्विक स्तर पर यह कारनामा करने वाली छठी जोड़ी
वैश्विक स्तर पर श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगाकारा और महेला जयवर्धने (550) की जोड़ी पहले पायदान पर है।
उसके बाद श्रीलंका के ही तिलकरत्ने दिलशान और जयवर्धने (426) की जोड़ी दूसरे, संगाकारा और दिलशान (418) की जोड़ी तीसरे, सनथ जयसूर्या और मुथैया मुरलीधरन (408) की जोड़ी चौथे और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के जैक्स कैलिस और मार्क बाउचर (407) की जोड़ी 5वें नंबर पर है।
अब रोहित और कोहली की जोड़ी छठे नंबर पर आ गई है।
उपलब्धि
भारतीय ड्रेसिंग रूम में रोहित और कोहली की उपस्थिति
रोहित और कोहली 2007 और 2008 में अपने-अपने डेब्यू के बाद से ही भारत की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं।
लगभग दो दशकों में इन दोनों ने भारत को ICC के तीनों खिताब (टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी) जीतने में मदद की है।
टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी ये दोनों अनुभवी बल्लेबाज 50 ओवर के प्रारूप में खेलना जारी रखे हुए हैं, जो भारत के लिए गर्व की बात है।
आंकड़े
कैसे है दोनों खिलाड़ियों के आंकड़े?
400 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कोहली ने 19,594 रन और रोहित ने 16,917 रन बनाए हैं। जहां कोहली की औसत 54.27 की है, वहीं रोहित की औसत 43.60 की है।
इस सूची में 100 शतक भी शामिल हैं, जिसमें कोहली (56) सबसे आगे हैं।
इस अवधि में कोहली (11,531) और रोहित (10,355) ने 10,000 रन भी अपने नाम किए हैं।
दोनों ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक जोड़ी के रूप में 8,000 रन भी पूरे किए हैं।