टी-20 विश्व कप इतिहास में बतौर कप्तान खेली गई सबसे बड़ी पारियों पर नजर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड के मैच से होगा। विश्व कप के 9 संस्करणों में अब तक कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले हैं। कई बार खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया तो कुछ मौकों पर कई कप्तानों ने अपने बल्ले से मैच का रुख पलट दिया है। हालांकि, कोई भी कप्तान अब तक शतक नहीं जड़ पाया है। आइए टी-20 विश्व कप इतिहास में सर्वोच्च पारी खेलने वाले कप्तानों पर नजर डालते हैं।
#1
क्रिस गेल - 98 रन बनाम भारत, 2010
टी-20 विश्व कप इतिहास में बतौर कप्तान सर्वोच्च पारी खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2010 के 19वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 66 गेंदों में 98 रन की पारी खेली थी। उसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे। गेल ऐतिहासिक शतक से चूक गए और रन आउट हो गए। कैरेबियन टीम ने 169 रन बनाकर भारत को 155 रन पर रोक दिया।
#2
रोहित शर्मा - 92 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024
इस सूची में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2024 में सुपर-8 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 41 गेंदों में 92 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को जीत दिलाने में मदद की थी। रोहित ने पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया के स्टार गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपनी इस धमाकेदार पारी में 7 चौके और बेहतरीन 8 छक्के भी जड़े थे।
#3
केन विलियमसन - 85 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2021
सूची में तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केन विलियमसन हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2021 के खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 48 गेंदों में 85 रन की पारी खेली थी। उन्होंने पारी में 10 चौके और 3 छक्के जड़े थे। यह टी-20 विश्व कप फाइनल में बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है। न्यूजीलैंड ने 172/4 का स्कोर बनाया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए अपना पहला खिताब जीत लिया।