भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज, जानिए शीर्ष पर कौन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज में 5वें और अंतिम मुकाबले में 56 रन से करारी हार झेलनी पड़ी है। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने धमाकेदार अर्धशतकीय पारी (95*) खेली। उन्होंने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ वह भारत के खिलाफ संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आइए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वालों पर नजर डालते हैं।
#1
मार्को यान्सन - 16 गेंद
भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मार्को यानसन के नाम दर्ज है। उन्होंने 2024 में भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सेंचुरियन में खेले गए सीरीज के तीसरे मुकाबले में 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। उन्होंने 17 गेंदों पर 54 रन बनाए थे। हालांकि, भारत के 219/6 के जवाब में प्रोटियाज टीम 208/7 का स्कोर ही बना पाई थी और 11 रन से मुकाबला हार गई थी।
#2
हैरी ब्रूक - 19 गेंद
इस सूची में इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक अब संयुक्त दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सीरीज के 5वें मुकाबले में महज 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। वह अपनी पारी में 45 गेंदों में 4 चौके और 8 छक्कों से 95 रन बनाकर नाबाद रहे। इसकी बदौलत इंग्लैंड टीम मैच में 257/3 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। जवाब में भारतीय टीम पूरे ओवर खेलकर 201/8 का स्कोर ही बना पाई और 56 रन से मुकाबला हार गई।
#2
जैकब बेथेल - 19 गेंद
सूची में इंग्लैंड के जैकब बेथेल संयुक्त दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने सीरीज के दूसरे मुकाबले में महज 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। वह 46 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों से 76 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उनकी पारी की बदौलत इंग्लैंड ने भारत से मिले 191 रन के लक्ष्य को 19 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। उनकी पारी से ही इंग्लिश टीम सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने में सफल रही थी।
जानकारी
कैमरून ग्रीन ने भी 19 गेंदों में जड़ा था अर्धशतक
इस सूची में दूसरे नंबर पर ही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन भी हैं। उन्होंने साल 2022 में हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। हालांकि, भारत ने वह मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया था।