टेस्ट क्रिकेट: पाकिस्तान से डेब्यू करते हुए इन गेंदबाजों ने पारी में लुटाए हैं सर्वाधिक रन
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में बेहद शर्मनाक प्रदर्शन किया। एक तरफ पाकिस्तानी बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए, दूसरी तरफ गेंदबाज भी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस बीच पाकिस्तान की ओर से रजाउल्लाह ने तीसरे टेस्ट के दौरान डेब्यू किया। अपनी तेज गति से प्रभावित करने वाला ये गेंदबाज महंगा साबित हुआ। इस बीच पाकिस्तान से टेस्ट डेब्यू में सर्वाधिक रन लुटाने वाले गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
यासिर अराफात (5/161 बनाम भारत, बेंगलुरु, 2007)
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज यासिर अराफात ने 2007 में भारत के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अराफात ने भारत की पहली पारी के दौरान 39 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 161 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे।
भारत ने उस पारी में सौरव गांगुली के दोहरे शतक (239) की मदद से 626 रन बनाए थे। आखिर में वो टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
#2
रजाउल्लाह (4/148 बनाम इंग्लैंड, बर्मिंघम, 2026)
एजबेस्टन टेस्ट के पहले दिन रजाउल्लाह ने विपक्षी बल्लेबाजों को मुश्किल में डाला था।
उन्होंने पहले दिन के दौरान जो रूट और अर्धशतक लगाने वाले एमिलियो गे के विकेट लिए।
दूसरे दिन के दौरान रजाउल्लाह ने जेमी स्मिथ और ओली रॉबिन्सन को पवेलियन की राह दिखाई।
रजाउल्लाह ने 23 ओवर गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। हालांकि, इन सफलताओं को हासिल करने के लिए उन्होंने 148 रन लुटाए।
#3
बिलावल भट्टी (2/146 बनाम श्रीलंका, अबूधाबी, 2013)
तेज गेंदबाज बिलावल भट्टी ने 2013 में श्रीलंका के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
उन्होंने अबुधाबी में हुए मैच में श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान 146 रन देते हुए 2 विकेट लिए थे। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 36 ओवर गेंदबाजी की थी।
आखिरकार वो मैच ड्रॉ रहा था।
भट्टी ने अपने टेस्ट करियर में सिर्फ 2 मैच खेले हैं, जिसमें 48.50 की औसत से 6 विकेट लिए हैं।
#4
मोहम्मद फारूक (4/139 बनाम भारत, ब्रेबोर्न, 1960)
पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद फारूक ने 1960 में भारत के खिलाफ मैच के साथ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
अपने डेब्यू टेस्ट में भारत की पहली पारी के दौरान उन्होंने 46 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें उन्होंने 139 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे।
ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए उस मैच में भारत ने अपनी इकलौती पारी 449/9 रन पर घोषित की थी और मैच आखिर में ड्रॉ रहा था।