टेस्ट क्रिकेट: बतौर कप्तान इन बल्लेबाजों ने सबसे बेहतर औसत से बनाए हैं रन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में 126 रन की पारी खेली। उनकी बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की। इस शतक के दौरान गिल ने कप्तान के तौर पर अपने 1,000 टेस्ट रन भी पूरे किए। उन्होंने कप्तानी करते हुए बल्लेबाजी में जोरदार प्रदर्शन किया है। इस बीच बतौर कप्तान सबसे बेहतर औसत वाले बल्लेबाजों (कम से कम 1,000 रन) के बारे में जानते हैं।
#1
डॉन ब्रैडमैन (101.5)
पूर्व महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक औसत (99.94) वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने साल 1928 में पहला टेस्ट मैच खेला था और आखिरी बार वह 1948 में खेलते हुए नजर आए थे। कप्तान के तौर पर उन्होंने 24 टेस्ट मैच खेले थे, जिसकी 38 पारियों में 101.52 की उम्दा औसत के साथ 3,147 रन अपने नाम किए थे। इस बीच उन्होंने 270 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 14 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे।
#2
शुभमन गिल (82.8)
गिल ने अब तक 9 टेस्ट कप्तान के तौर पर खेले हैं, जिसकी 15 पारियों में 82.76 की औसत के साथ 1,076 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 6 शतक और एक अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 269 रन रहा है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक कुल 2969 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 11 शतक और 8 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।
#3
कुमार संगाकारा (69.6)
श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगाकारा को कप्तानी करते हुए बल्लेबाजी करना पसंद था। उन्होंने 15 टेस्ट में कप्तानी करते हुए 69.60 की औसत के साथ 1,601 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 7 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे। अपने टेस्ट करियर में संगाकारा ने 233 पारियों में 57.40 की औसत के साथ 12,400 रन बनाए थे। अपने इस बेमिसाल करियर में संगाकारा ने 38 शतक और 52 अर्धशतक लगाए।
#4
स्टीव स्मिथ (68.1)
ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2010 में खेला था। कप्तान के तौर पर इस खिलाड़ी ने 44 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 77 पारियों में 68.07 की औसत से 4,425 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 18 शतक और 15 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 239 रन रहा है। अपने टेस्ट करियर में स्मिथ 10,763 रन बना चुके हैं।