
टेस्ट क्रिकेट: एक सीरीज के जीते हुए मैचों में भारतीय कप्तान द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने एजबेस्टन और ओवल में खेले गए टेस्ट को जीतने में सफलता हासिल की। इस सीरीज में गिल का बल्ला भी खूब चला। इस बीच किसी एक टेस्ट सीरीज के जीते हुए मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तानों के बारे में जानते हैं।
#1
विराट कोहली (566 रन, बनाम इंग्लैंड, 2016-17)
भारतीय टीम ने 2016 में अपने घर पर खेलते हुए इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज में 4-0 से हराया था। उस सीरीज में विराट कोहली ने 8 पारियों में 109.16 की औसत के साथ 655 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल थे। इसमें से जीते हुए मैचों में कोहली ने 6 पारियों में 566 रन बनाए थे। उस सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
#2
शुभमन गिल (462 रन बनाम इंग्लैंड, 2025)
भारतीय कप्तान गिल ने सीरीज में 5 मुकाबले खेले और इसकी 10 पारियों में 75.40 की उम्दा औसत के साथ 754 रन बनाने में सफल रहे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन रहा। उन्होंने 4 शतक भी लगाए। उन्होंने जीते हुए मैचों की 4 पारियों में 462 रन बनाए। गिल ने एजबेस्टन में 269 और 161 रन और ओवल में 21 और 11 रन के स्कोर किए और भारत ने ये मुकाबले जीते।
#3
रोहित शर्मा (337 रन बनाम इंग्लैंड, 2023-24)
भारत ने 2023-24 की घरेलू सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से करारी शिकस्त दी थी। उस सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता था और उसके बाद बचे हुए सभी मैच मेजबान टीम ने अपने नाम किए थे। रोहित शर्मा ने उस सीरीज में 9 पारियों में 44.44 की औसत के साथ 400 रन बनाए थे। जीते हुए मुकाबलों में भारतीय कप्तान ने 7 पारियों में 337 रन बनाए थे।
#4
महेंद्र सिंह धोनी (326 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2012-13)
भारतीय टीम ने 2012-13 में अपने घर पर खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को 4 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। उस सीरीज में भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 6 पारियों में 81.50 की औसत के साथ 326 रन बनाए थे। उन्होंने 1 पारी में शतक भी लगाया था। वह उस सीरीज में तीसरे सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज रहे थे। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ मुरली विजय (430) और चेतेश्वर पुजारा (419) थे।