LOADING...
टेस्ट क्रिकेट: डेब्यू करते हुए पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज
अपने डेब्यू में मानव सुथार बने प्लेयर ऑफ द मैच (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट क्रिकेट: डेब्यू करते हुए पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज

Jun 08, 2026
05:47 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम से मानव सुथार ने प्रभावित किया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने डेब्यू करते हुए अफगानिस्तान की पहली पारी में 6 विकेट लिए। उन्होंने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों से कठिन सवाल पूछे। इस प्रदर्शन के साथ ही वह डेब्यू टेस्ट की पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में शुमार हुए। आइए इसके बारे में जानते हैं।

#1 

नरेंद्र हिरवानी (8/61 और 8/75 बनाम वेस्टइंडीज, 1988)

भारतीय टीम ने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट को 255 रन से हराया था। उस मैच में नरेंद्र हिरवानी ने अपना डेब्यू किया था। उन्होंने डेब्यू मुकाबले में 16 विकेट लिए थे। पूर्व लेग स्पिनर ने वेस्टइंडीज की पहली पारी में 61 रन देते हुए 8 विकेट लिए थे। इसके बाद कैरेबियाई टीम की दूसरी पारी में 75 रन देते हुए 8 ही विकेट लिए थे। वेस्टइंडीज ने 184 और 160 रन के स्कोर किए थे।

#2 

मानव सुथार (6/33 बनाम अफगानिस्तान, 2026)

बाएं हाथ के स्पिनर सुथार ने मैच के दूसरे दिन के दौरान अब्दुल मलिक (16), रहमानुल्लाह गुरबाज (12) और अफसर जजई (3) के विकेट लिए। पहले दिन अपनी फिरकी से प्रभाव छोड़ने वाले सुथार ने दूसरे दिन के पहले सत्र में शराफुद्दीन अशरफ (11), रहमत शाह (60) और मोहम्मद सलीम साफी (0) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 22 ओवर में 33 रन देते हुए ये 6 सफलताएं हासिल की। अफगानिस्तान की दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिया।

Advertisement

#3 

रविचंद्रन अश्विन (6/47 बनाम वेस्टइंडीज, 2011)

रविचंद्रन अश्विन ने 2011 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने कैरेबियाई टीम की पहली पारी में 81 रन देते हुए 3 विकेट लिए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 47 रन देते हुए 6 विकेट लिए थे। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। मैच में कुल 9 विकेट लेने के चलते अश्विन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

Advertisement

#4 

सैयद आबिद अली (6/55 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1967)

पूर्व तेज गेंदबाज सैयद आबिद अली ने 1967 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में डेब्यू किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 55 रन देते हुए 6 विकेट लिए थे। दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिया था। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 335 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 307 रन बनाए थे। इसके बाद कंगारू टीम ने दूसरी पारी में 369 रन बनाए थे। आखिर में मेहमान टीम 251 रन ही बना सकी थी।

Advertisement