Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: विभिन्न कप्तानों के नेतृत्व में कैसा रहा विराट कोहली का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
शानदार रहा कोहली का टेस्ट करियर (तस्वीर: एक्स/@imVkohli)

टेस्ट क्रिकेट: विभिन्न कप्तानों के नेतृत्व में कैसा रहा विराट कोहली का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

May 16, 2025
02:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 2011 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने लगभग डेढ़ दशक बाद अपने बेमिसाल टेस्ट करियर से संन्यास लिया। उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 123 टेस्ट में 46.85 की उम्दा औसत के साथ 9,230 रन बनाए थे। उन्होंने 30 शतक भी अपने नाम किए थे। इस बीच कोहली के विभिन्न कप्तानों के नेतृत्व में किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

धोनी 

धोनी की कप्तानी में कोहली ने खेले 30 टेस्ट 

कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने धोनी के नेतृत्व में कुल 30 टेस्ट खेले, जिसमें 40.00 की औसत के साथ 1,960 रन बनाए थे। उस दौरान उन्होंने 169 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 शतक और 10 अर्धशतक भी लगाए थे। वह साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आखिरी बार धोनी के नेतृत्व में खेले थे।

रोहित 

रोहित के नेतृत्व में नहीं चल पाया कोहली का बल्ला 

कोहली ने 2022 से 2024 तक रोहित की कप्तानी में 19 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 34.32 की औसत के साथ 1,064 रन बनाए थे। उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए थे। वह रोहित के नेतृत्व में खेलते हुए एक भी दोहरा शतक नहीं लगा सके थे। स्पष्ट रूप से यह कोहली के टेस्ट करियर के खराब साल बीते थे। उन्होंने 2024 में 19 पारियों में 24.52 की औसत के साथ 417 रन बनाए थे।

कोहली 

अपनी कप्तानी में जोरदार रहा था कोहली का प्रदर्शन

बतौर कप्तान कोहली ने 68 मैचों में 54.80 की उम्दा औसत के साथ 5,864 रन बनाए थे, जिसमें 20 शतक शामिल थे। कोहली भारत के लिए टेस्ट में सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने 68 मैचों में भारतीय टीम के लिए कप्तानी की थी। इसमें से 40 मैच में टीम को जीत मिली थी और 17 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। इनके अलावा 11 मैच ड्रॉ रहे थे।

कप्तान 

अन्य कप्तानों के नेतृत्व में कोहली का प्रदर्शन

कोहली ने बुमराह के नेतृत्व में 3 टेस्ट खेले, जिसमें 31.80 की औसत के साथ 159 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक शामिल था। उन्होंने केएल राहुल की कप्तानी में 2 टेस्ट की 4 पारियों में सिर्फ 45 रन बनाए थे। कोहली ने वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी में इकलौता टेस्ट खेला, जिसमें 69.00 की औसत के साथ 139 रन बनाए थे। उन्होंने 1 शतक भी लगाया था।