Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: किसी एक मैदान पर सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज
रूट ने लॉर्ड्स में लगाए हैं 8 शतक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: किसी एक मैदान पर सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज

Jul 14, 2025
02:36 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट के खेल में खिलाड़ियों के कुछ पसंदीदा मैदान होते हैं। अमूमन कुछ बल्लेबाज किसी मैदान पर खूब रन बनाते हैं और ऐसे ही कुछ गेंदबाजों के अपने पसंदीदा मैदान होते हैं। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में चुनिंदा बल्लेबाज किसी एक मैदान पर 8 या उससे अधिक शतक लगा चुके हैं। हाल ही में इंग्लैंड के जो रूट लॉर्ड्स में शतक लगाकर विशेष सूची में शामिल हुए। आइए इस दिलचस्प सूची के बारे में जानते हैं।

#1 

महेला जयवर्धने (कोलंबो, शतक-11)

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में 27 टेस्ट मैच खेले थे, जिसकी 42 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 2,921 रन बनाए थे। इस मैदान पर उन्होंने 11 शतक और 9 अर्धशतक लगाए थे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 374 रन रहा था। उन्होंने इस मैदान पर पहला मुकाबला साल 1997 और आखिरी मैच 2014 में खेला था।

#2 

डॉन ब्रैडमैन (मेलबर्न, शतक- 9)

यूं तो डॉन ब्रैडमैन ने विश्व भर के मैदानों पर खूब रन बनाए हैं, लेकिन मेलबर्न में उन्होंने कई लंबी पारियां खेली हैं। इस ऐतिहासिक मैदान पर उन्होंने 11 टेस्ट खेले थे, जिसमें उन्होंने 128.53 की औसत के साथ 1,671 रन बनाए थे। मेलबर्न में उन्होंने 270 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 9 शतक भी लगाए थे। उन्होंने इस मैदान पर 1928 में अपना पहला टेस्ट और 1948 में अपना आखिरी टेस्ट खेला था।

#3 

जैक्स कैलिस (केपटाउन, शतक- 9)

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी जैक्स कैलिस को केपटाउन का मैदान बहुत रास आता था। उन्होंने केपटाउन में 22 टेस्ट मैच खेले थे, जिसकी 35 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 2,181 रन बनाए थे। उनकी औसत 72.07 की रही थी। उन्होंने इस मैदान पर 9 अर्धशतक और 9 शतक लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 224 रन रहा है। कैलिस ने इस मैदान पर पहला मैच साल 1996 में और आखिरी मुकाबला 2013 में खेला था।

#4 

जो रूट (लॉर्ड्स, शतक-8)

रूट ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में सीरीज के तीसरे लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ा था। उन्होंने पहली पारी में 199 गेंदों का सामना करते हुए 104 रन बनाए थे। दूसरी पारी में उन्होंने 40 रन बनाए थे। उन्होंने इस मैदान पर 23 मैचों में 36.88 की औसत के साथ 2,166 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 8 शतक लगाए हैं। वह इस मैदान पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

#5 

कुमार संगाकारा (कोलंबो, शतक-8)

पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगाकारा ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में 22 टेस्ट मैच खेले थे, जिसकी 34 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 2,312 रन बनाए थे। उनकी औसत 74.58 की रही थी। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक और 8 शतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 287 रन का रहा था। संगाकारा ने इस मैदान पर अपना पहला मैच साल 2000 में और आखिरी मुकाबला 2014 में खेला था।