महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर तेंदुलकर ने लिखा संदेश, कहा- आपने क्रिकेट को सर्वश्रेष्ठ दिया
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास की घोषणा की थी। उनके बतौर खिलाड़ी करियर समाप्त करने के बाद से शुभकामनाओं का दौर जारी है। इसी क्रम में पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने धोनी को लेकर के दिल छूने वाला संदेश लिखा है। मास्टर ब्लास्टर ने कहा है कि वह शुरुआती दिनों में ही धोनी की प्रतिभा को पहचान गए थे। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ लिखा है।
संदेश
बांग्लादेश में धोनी के पावर हिटिंग के कायल हुए थे तेंदुलकर
तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, 'मुझे आज भी याद है कि जब मैंने बांग्लादेश में एमएस को बल्लेबाजी करते देखा था, तो मैंने सौरव से कहा था कि उसकी पावर हिटिंग में कुछ खास बात है। साफ पता चलता था कि उसमें कोई अनोखी प्रतिभा है, और फिर उसका सफर कितना शानदार रहा। आपके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना और भारतीय क्रिकेट के कुछ सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनना, सच में बहुत खुशी की बात रही।'
संदेश
आपने भारतीय क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है- तेंदुलकर
तेंदुलकर ने अपने संदेश में आगे लिखा, 'मुझे हमेशा से यकीन था कि आप कुछ खास करेंगे, और आपने तो उम्मीद से कहीं ज्यादा हासिल किया। आपने भारतीय क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है, और आपके साथ इस सफर को साझा करना बहुत शानदार रहा। एमएस तुम बहुत बढ़िया खेले।'
बता दें कि तेंदुलकर के खेलते हुए भी धोनी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं और दोनों साथ में वनडे विश्व कप 2011 का खिताब जीत चुके हैं।
आंकड़े
शानदार रहा था धोनी का IPL करियर
धोनी ने 2008 से ही अपने अपने IPL करियर का आगाज किया था।
अपने IPL करियर में उन्होंने 278 मैच खेले, जिसकी 242 पारियों में 38.30 की औसत और 137.45 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,439 रन बनाए थे। इसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84 रन का है।
वह फिलहाल इसी लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने अपने करियर में 375 चौके और 264 छक्के लगाए थे।