विराट कोहली जितने मजबूत नहीं थे सचिन तेंदुलकर- डिविलियर्स
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भारत के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर ने विदेशी परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों के लिए रास्ता बनाया, लेकिन विराट कोहली ने उस स्तर को और ऊंचा किया। डिविलियर्स के अनुसार, कोहली ने विदेशों में भारत की बल्लेबाजी को मजबूत किया और अपने अन्य बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
बयान
कोहली ने तेंदुलकर के ट्रेंड को आगे बढ़ाया- डिविलियर्स
डिविलियर्स ने कहा, "मैं सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी के बारे में सोचता हूं, जिन्होंने भारत के लिए इस ट्रेंड की शुरुआत की। हालांकि, वे विराट कोहली जितने मजबूत नहीं थे, जो उनसे भी बेहतर हैं। लेकिन सचिन पहले खिलाड़ी थे, जिन्होंने दिखाया कि उपमहाद्वीप का बल्लेबाज बाउंसी और सीमिंग परिस्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। विराट ने इसे आगे बढ़ाया और स्तर को ऊंचा किया।"
डिविलियर्स ने यह बात अपने यूट्यूब चैनल पर कही।
आंकड़े
तेंदुलकर और कोहली के टेस्ट आंकड़े
तेंदुलकर टेस्ट क्रिकेट में 15,921 रन के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 51 शतक बनाए और विदेशों में 176 पारियों में उनका औसत 55 रहा।
वहीं, कोहली ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लियाथा। उन्होंने 123 टेस्ट में 9,230 रन बनाए और उनका औसत 46.85 रहा। विदेशों में कोहली का औसत 68 मैचों में लगभग 41 का रहा।
डिविलियर्स ने 114 टेस्ट में 8,765 रन बनाए और उनका औसत 50 से अधिक का रहा।
बयान
केएल राहुल के विदेशी रिकॉर्ड पर डिविलियर्स की राय
डिविलियर्स ने केएल राहुल के विदेशी रिकॉर्ड पर भी अपनी राय दी।
उन्होंने कहा, "केएल अच्छी तकनीक वाला खिलाड़ी है और भारतीय टीम की संपत्ति है। लेकिन विदेशों में उसका औसत केवल 34 है। इसलिए आप उससे ज्यादा की उम्मीद करेंगे और यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिस पर उसे काम करना होगा। उसे शुरुआत मिलने के बाद बड़े स्कोर बनाने होंगे और केवल 100 रन तक नहीं रुकना होगा, बल्कि उसे 180 तक ले जाना होगा।"