टाटा स्टील का बड़ा फैसला, सिर्फ 100 रुपये में जमशेदपुर FC को बेचने का समझौता किया
क्या है खबर?
भारतीय फुटबॉल जगत में हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, टाटा स्टील ने अपने स्वामित्व वाले जमशेदपुर फुटबॉल क्लब को सिर्फ 100 रुपये में चर्चिल ब्रदर्स स्पोर्ट्स क्लब को बेचने का फैसला किया है। कंपनी ने बताया कि जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (JFSPL) में उसकी पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी (4.08 करोड़ शेयर) चर्चिल ब्रदर्स को ट्रांसफर की जाएगी। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
समझौता
इंडियन सुपर लीग में खेलेगा चर्चिल ब्रदर्स क्लब
इस समझौते के साथ ही गोवा के ऐतिहासिक क्लब चर्चिल ब्रदर्स ने आखिरकार इंडियन सुपर लीग (ISL) में खेलने का रास्ता बना लिया है।
इसके तहत चर्चिल ब्रदर्स को जमशेदपुर FC का ISL स्पोर्टिंग लाइसेंस मिल जाएगा।
साथ ही क्लब के 12 खिलाड़ियों और 2 कोचों के मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट भी चर्चिल ब्रदर्स के पास चले जाएंगे।
इस समझौते के तहत यह सब सितंबर 2026 से लागू होने हैं।
बयान
इस समझौते से खिलाड़ियों को होगा फायदा- डीबी सुंदरा
टाटा स्टील में कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस-प्रेसिडेंट, डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि इस समझौते से क्लब के खिलाड़ियों और कोचों को अपना करियर जारी रखने का मौका मिलेगा।
रेवस्पोर्ट्ज के मुताबिक, उन्होंने इस डील को लेकर कहा, "चर्चिल ब्रदर्स भारतीय फुटबॉल में एक शानदार इतिहास वाला क्लब है, और हमें खुशी है कि इस समझौते से हमारे खिलाड़ियों और कोचों को क्लब फुटबॉल खेलना जारी रखने का मौका मिल रहा है।"
रिपोर्ट
2 और बड़ी कंपनियों ने भी दिखाई थी दिलचस्पी
रेवस्पोर्ट्ज के मुताबिक, 2 बड़ी कंपनियों ने जमशेदपुर FC को टेकओवर करने के लिए पेशकश की थी, लेकिन चर्चिल ब्रदर्स के साथ ही डील संभव हो पाई।
ISL से पीछे हटने के बाद टाटा स्टील, टाटा फुटबॉल अकादमी और युवाओं के विकास पर अपना ध्यान बनाए रखेगी।
इस अकादमी ने 150 से जायदा ऐसे खिलाड़ी तैयार किए हैं जिन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया है, और अलग-अलग आयु वर्गों में राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी की है।
इतिहास
गोवा का सबसे मशहूर क्लब है चर्चिल क्लब
गोवा में वारका स्पोर्ट्स क्लब के नाम से 1988 में इसकी स्थापना हुई थी।
एक साल बाद इसका नाम ब्रदर्स स्पोर्टिंग क्लब हुआ और फिर पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ ने इसे खरीदकर चर्चिल ब्रदर्स नाम दिया।
यह गोवा का सबसे सफल क्लब माना जाता है।
इन्होंने I-League 2 बार (2008-09 और 2012-13), डुरंड कप 3 बार, Federation Cup और IFA Shield भी जीते हैं। ये क्लब अब भविष्य में ISL में चमक बिखेरने को तैयार है।