IPL 2023: नीलामी में शामिल होने वाले 405 खिलाड़ियों की सूची जारी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले संस्करण के लिए खिलाड़ियों की नीलामी सूची की घोषणा कर दी गई है। IPL के 2023 में होने वाले अगले संस्करण के लिए मिनी नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में आयोजित होगी। नीलामी के लिए निर्धारित कुल 405 क्रिकेटरों के नामों के साथ सूची जारी की गई है। 10 टीमों द्वारा कुल 369 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। आइये जानते हैं नीलामी से जुड़ी अन्य जानकारी।
नीलामी से जुड़ी अहम जानकारी
405 खिलाड़ियों में से 273 भारतीय हैं और 132 विदेशी खिलाड़ी हैं, जिनमें से चार खिलाड़ी सहयोगी देशों से हैं। कुल कैप्ड खिलाड़ी 119 और अनकैप्ड खिलाड़ी 282 हैं और चार सहयोगी देशों से हैं। अधिकतम 87 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिनमें से 30 विदेशी खिलाड़ियों के लिए रखे गए हैं। दो करोड़ उच्चतम बेस प्राइस है, जिसमें 19 विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। 11 खिलाड़ी 1.5 करोड़ रुपये के बेस मूल्य के साथ नीलामी सूची में हैं।
नीलामी में इन खिलाड़ियों पर लग सकती है बड़ी बोली
इंग्लैंड के सैम कर्रन और बेन स्टोक्स ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को आगामी नीलामी में अच्छी रकम मिल सकती है। इन तीनों को नीलामी के लिए दो करोड़ की बेस प्राइस वाली सूची में रखा गया है। भारतीय खिलाड़ियों में मयंक अग्रवाल और मनीष पांडे ही ऐसे दो खिलाड़ी हैं, जिनकी बेस प्राइस एक करोड़ रुपये है। इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक की जोड़ी भी इसी सूची में शामिल है।
SRH के पास सबसे ज्यादा रकम शेष
IPL की सभी दस टीमों के पास अब सिर्फ 87 स्पॉट ही शेष बचे हैं, जिनमें अधिकतम 30 खिलाड़ियों की खरीद की जा सकती है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास नीलामी के लिए सबसे ज्यादा 42.25 करोड़ रुपये शेष बचे हैं। नीलामी के लिए सबसे कम रकम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास बची है, उनके पास केवल 7.05 करोड़ रुपये हैं। नीलामी भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 से शुरू होगी।
किस टीम के पर्स में कितना पैसा?
सभी टीमों के पास कुल मिलाकर 206.5 करोड़ रुपये की राशि शेष है। चेन्नई सुपर किंग्स: 20.45 करोड़ रुपये रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 8.75 करोड़ रुपये मुंबई इंडियंस: 20.55 करोड़ रुपये पंजाब किंग्स: 32.2 करोड़ रुपये दिल्ली कैपिटल्स: 19.45 करोड़ रुपये कोलकाता नाइट राइडर्स: 7.05 करोड़ रुपये राजस्थान रॉयल्स: 13.20 करोड़ रुपये सनराइजर्स हैदराबाद: 42.25 करोड़ रुपये लखनऊ सुपर जायंट्स: 23.35 करोड़ रुपये गुजरात टाइटंस: 19.25 करोड़ रुपये
IPL 2023 नीलामी में सहयोगी देशों के खिलाड़ी
नीलामी में सहयोगी देशों में आयरलैंड के सबसे ज्यादा चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें पॉल स्टर्लिंग, लोर्कन टकर, हैरी टेक्टर और जोशुआ लिटिल के नाम शामिल हैं। टी-20 विश्व कप में इन सभी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। नीलामी में नामीबिया से दो खिलाड़ी डेविड वेस और रूबन ट्रम्पलेमेन भाग लेंगे। इसके अलावा सहयोगी देशों से UAE के कार्तिक मयप्पन, नीदरलैंड से वेन मीकेरेन और जिम्बाब्वे से सिकंदर रजा भी नीलामी के लिए उपलब्ध रहेंगे।
कितने खिलाड़ियों को खरीद सकती हैं टीमें?
नियमानुसार एक फ्रेंचाइजी अधिकतम 25 खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल कर सकती है, जिसमें रिटेन/ड्राफ्ट किए गए खिलाड़ी भी शामिल हैं। फ्रेंचाइजी को कम से कम 18 खिलाड़ियों को खरीदना आवश्यक है। एक टीम में अधिकतम आठ विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं।