टी-20 विश्व कप के इतिहास में वेस्टइंडीज द्वारा बनाए गए सबसे बड़े स्कोर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप के इतिहास में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने कई बार अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया को चौंकाया है। कैरेबियाई बल्लेबाजों की ताकत, आक्रामक अंदाज और लंबे-लंबे छक्कों ने इस टीम को टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक इकाइयों में शुमार किया है। वेस्टइंडीज ने विश्व कप के मंच पर ऐसे विशाल स्कोर खड़े किए हैं, जो आज भी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हैं। ऐसे में आइए उनके द्वारा बनाए गए सबसे बड़े स्कोर पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
254/6 बनाम जिम्बाब्वे, 2026
टी-20 विश्व कप 2026 के 44वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 254/6 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। शिमरोन हेटमायर ने महज 34 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। रोवमैन पॉवेल ने भी 59 रनों का अहम योगदान दिया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई।
#2
218/5 बनाम अफगानिस्तान, 2024
टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर साल 2024 में देखने को मिला था। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 218/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस मुकाबले में निकोलस पूरन ने 53 गेंदों में 98 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 8 छक्के शामिल थे। जवाब में अफगानिस्तान की टीम महज 114 रन ही बना सकी और वेस्टइंडीज ने यह मैच 104 रन से जीत लिया।
#3
205/6 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2007
वेस्टइंडीज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर साल 2007 में आया था, जो टूर्नामेंट का पहला ही मुकाबला था। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 205/6 का स्कोर खड़ा किया। क्रिस गेल ने महज 57 गेंदों में 117 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। हालांकि, इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने 17.4 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हर्शल गिब्स ने 55 गेंदों में 90 रन की पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया।
#4
205/4 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2012
कैरिबियाई टीम का चौथा सबसे बड़ा स्कोर साल 2012 के टी-20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ आया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 205/4 का स्कोर खड़ा किया था। इस मुकाबले में गेल ने एक बार फिर बल्ले से आग उगली और 41 गेंदों में 75* रन बनाए। वहीं, किरोन पोलार्ड ने 15 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। जवाब में कंगारू टीम 131 रन ही बना सकी और मुकाबला 74 रन से हार गई।