टी-20 विश्व कप: ये खिलाड़ी खिताब जीतने के साथ-साथ बने हैं 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट'
क्या है खबर?
पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट टीम ने वनडे और टी-20 क्रिकेट में अपना वर्चस्व स्थापित किया है। इसी क्रम में भारत ने टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत पहला ऐसा देश बना, जिसने लगातार 2 खिताब जीते हैं। इस सफल अभियान में संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इस बीच उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जो खिताब जीतने के साथ-साथ 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुने गए।
#1
केविन पीटरसन (2010)
इंग्लैंड क्रिकेट टीम पहली बार 2010 में विजेता बनी थी। पॉल कोलिंगवुड की कप्तानी में खेलते हुए इंग्लैंड ने फाइनल में 7 विकेट से ऑस्ट्रेलिया को हराया था। उस संस्करण में केविन पीटरसन का बल्ला खूब चला था। इस पूर्व आक्रामक बल्लेबाज ने 6 पारियों में 62.00 की औसत और 137.77 की स्ट्राइक रेट के साथ 248 रन बनाए थे। उन्होंने 73* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे।
#2
डेविड वार्नर (2021)
टी-20 विश्व कप 2021 में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर ने 7 मैच की 7 पारियों में 146.70 की स्ट्राइक रेट और 48.16 की औसत से 289 रन बनाए थे। इस बीच उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन था। फाइनल में उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 38 गेंदों में 53 रन बनाए थे। खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने कीवी टीम को 8 विकेट से शिकस्त दी थी।
#3
सैम कर्रन (2022)
सैम कर्रन ने टी-20 विश्व कप 2022 में 6 मैचों में 11.38 की औसत और 6.52 की इकॉनमी रेट से 13 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था। वह टी-20 विश्व कप के किसी एक संस्करण में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उन्होंने फाइनल में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट लिए थे। उस संस्करण के फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था।
#4
जसप्रीत बुमराह (2024)
टी-20 विश्व कप 2024 में जसप्रीत बुमराह संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 8 मैच में 8.26 की उम्दा औसत और 4.17 की बेहतरीन इकॉनमी रेट से 15 विकेट लिए थे। टूर्नामेंट में उनसे सबसे ज्यादा विकेट संयुक्त रूप से फजलहक फारूकी (17) और अर्शदीप सिंह (17) ने लिए थे। वहीं, फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराते हुए अपना दूसरा खिताब जीता था।
#5
संजू सैमसन (2026)
सैमसन को शुरुआती मुकाबलों में भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। हालांकि, जब उन्हें चुना गया तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। इस खिलाड़ी ने 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा। उनसे ज्यादा रन सिर्फ टिम साइफर्ट (326) और साहिबजादा फरहान (383) के बल्ले से निकले।