टी-20 विश्व कप: जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले व्यक्तिगत कारणों से घर लौटे रिंकू सिंह
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम को अपने सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में करारी हार मिली थी। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम को 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से मैच खेलना है। इस बीच ऐसी खबर है कि रिंकू सिंह इस मैच से पहले व्यक्तिगत कारणों से अपने घर लौटे हैं। हालांकि, इसको लेकर अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोई जानकारी नहीं दी है।
रिपोर्ट
रिंकू के पिता की तबीयत नहीं है ठीक
इंडिया टुडे के मुताबिक, रिंकू के पिता लिवर कैंसर से पीड़ित हैं और फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। उन्हें ग्रेटर नोएडा के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। रिंकू चेन्नई में आए थे और वह मंगलवार की सुबह को अपने घर के लिए रवाना हो गए थे। बता दें कि चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से मैच खेलना है। इस मैच की तैयारियों के लिए चेन्नई में भारतीय खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया।
प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप 2026 में रिंकू ने किया है निराश
टी-20 विश्व कप 2026 में रिंकू को मैच फिनिशर की भूमिका में जिम्मेदारी दी गई है। अब तक उन्हें सीमित ही मौके मिले हैं, जिसमें वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मौजूदा संस्करण में अब तक 5 पारियों में 82.75 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 24 रन बनाए हैं। वह अपने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके थे।