टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रही है कांटे की टक्कर, जानिए प्रीव्यू
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 50वें मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का सामना श्रीलंका क्रिकेट टीम से होगा। श्रीलंका ने सुपर-8 के चरण में अब तक 2 मुकाबले खेले हैं और उसे दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, पाकिस्तान का एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ है और उसे अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली थी। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य जरूरी बातों पर एक नजर डाल लेते हैं।
हेड-टू-हेड
टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच रहा है बराबरी का मुकाबला
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टी-20 विश्व कप में अब तक 4 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 2-2 मैच जीते हैं। दोनों के बीच आखिरी टी-20 विश्व कप भिड़ंत साल 2012 में हुई थी, जहां श्रीलंका ने पाकिस्तान को 16 रन से हराया था। वहीं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 24 मैच खेले गए हैं, जिसमें पाकिस्तान ने 14 और श्रीलंका ने 10 मुकाबले अपने नाम किए हैं।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है पाकिस्तान
पाकिस्तान को पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 2 विकेट से हार मिली थी। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को छोड़ दें तो उनका और कोई भी बल्लेबाज टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। ऐसे में सैम अयूम, बाबर आजम और फखर जमान जैसे बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, आघा सलमान (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा और उस्मान तारिक।
टीम
इस संयोजन से उतर सकती है श्रीलंका की टीम
श्रीलंका की टीम इस विश्व कप में अपना आखिरी मुकाबला हर हाल में जीतना चाहेगी। पिछले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम 169 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी। उनके बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। ऐसे में वह उस प्रदर्शन को भूलाकर आगे बढ़ना चाहेंगे। संभावित एकादश: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालागे, दुशन हेमंथा, दुश्मंथा चमीरा, महेश तीक्ष्णा और दिलशान मदुशंका।
पिच
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
पल्लेकेले स्टेडियम की पिच आमतौर पर काफी संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंद से गेंदबाजों को जरूर मदद मिलेगी। हालांकि, नजरें जमने के बाद बल्लेबाज बड़ी पारी खेल सकते हैं और बड़े-बड़े शॉट्स लगा सकते हैं। खेल के आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी होती जाती है और स्पिनर्स को भी मदद मिलती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन रहा है और 170 से ज्यादा रन का लक्ष्य भी चेज हुआ है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 28 फरवरी को कैंडी में बादल साफ रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की कोई भी संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक आराम से मुकाबले का आनंद ले सकते हैं।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
कुसल ने पिछली 10 पारियों में 35.78 की औसत से 322 रन बनाए हैं। निसांका के बल्ले से पिछली 10 पारियों में 288 रन निकले हैं। वहीं, पाकिस्तान के लिए फरहान ने पिछली 9 पारियों में 297 रन बनाए हैं। श्रीलंका से चमिरा ने पिछले 6 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं। महेश ने पिछले 9 मैचों में 12 विकेट लिए हैं। उस्मान के खाते में पिछले 5 मुकाबलों में 6.28 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट आए हैं।
जानकारी
कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच यह मुकाबला कैंडी के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में रात 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो-हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।