टी-20 विश्व कप 2026: क्या अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में करेंगे वापसी?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बीमारी के कारण नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे। हालांकि, मैच में भारत ने 93 रनों से शानदार जीत दर्ज की। अब उनके 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में भी हिस्सा लेने को लेकर सवाल खड़े हैं। इस पर दुनिया के नंबर-1 टी-20 स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने उनके इस अहम मैच में खेलने की उम्मीद जताई है।
बयान
वरुण ने अभिषेक के स्वास्थ्य पर क्या दिया बयान?
नामीबिया के खिलाफ मैच में 3 विकेट चटकाने वाले वरुण ने मैच के बाद कहा, "मुझे लगता है कि वह (अभिषेक) अगला मैच खेलेंगे। मुझे नहीं पता, लेकिन जहां तक मैंने उनसे बात की है, वह अच्छे दिख रहे हैं और उन्होंने आज कुछ अभ्यास भी किया है।" वरुण के इस बयान ने पाकिस्तान के खिलाफ आगामी मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में अभिषेक का नाम शामिल होने की उम्मीदों को मजबूत कर दिया है।
कारण
नामीबिया के खिलाफ क्यों नहीं खेल पाए थे अभिषेक?
अभिषेक ने 7 फरवरी को USA के खिलाफ भारत के लिए टी-20 विश्व कप डेब्यू किया था। हालांकि, बीमारी के कारण वे नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल पाए। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि अभिषेक पूरी तरह ठीक नहीं हैं और एक-दो मैच नहीं खेलेंगे। BCCI ने भी अभिषेक की स्थिति स्पष्ट करते हुए एक्स पर लिखा था, 'वह अभी भी बीमारी से उबर रहे हैं और चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।'
शुरुआत
नामीबिया के खिलाफ मैच में संजू सैमसन ने की पारी की शुरुआत
अभिषेक की अनुपस्थिति में नामीबिया के खिलाफ भारत की ओर से संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की और मात्र 8 गेंदों में 22 रन बनाए। उन्होंने 3 छक्के लगाए, लेकिन अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि दोनों टीमें यह मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट के अगले चरण में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगी।