LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: क्यों न्यूजीलैंड के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं कुसल परेरा?
कुसल परेरा न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा खतरा बन सकते हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: क्यों न्यूजीलैंड के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं कुसल परेरा?

Feb 24, 2026
05:52 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 46वें मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल में जगह बनाने की दृष्टि से यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। श्रीलंका को अपने पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी थी, जबकि न्यूजीलैंड का आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। कुसल परेरा इस मैच में श्रीलंका की बड़ी उम्मीद होंगे, क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके आंकड़े बेहद प्रभावशाली रहे हैं।

आंकड़े

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 में ऐसे हैं परेरा के आंकड़े 

परेरा न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं। उन्होंने साल 2013 में इस टीम के विरुद्ध अपना पहला मुकाबला खेला था। अब तक वह 14 मैचों की 14 पारियों में 32.07 की औसत से 417 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 140.04 की रही है। परेरा के बल्ले से 2 अर्धशतक और 1 शतक भी निकल चुका है। उनका सर्वोच्च स्कोर 101 रन रहा है, जबकि वह एक बार नाबाद भी लौटे हैं।

विश्व कप

इस विश्व कप में नहीं चला है परेरा का बल्ला 

इस टूर्नामेंट में अब तक परेरा को 2 मुकाबले खेलने का अवसर मिला है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए थे, जबकि जिम्बाब्वे के विरुद्ध उनके बल्ले से 22 रन निकले। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया, जहां टीम को 51 रन से हार झेलनी पड़ी। न्यूजीलैंड के खिलाफ परेरा के शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए इस अहम मुकाबले में उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है।

Advertisement

हेड-टू-हेड

दोनों टीमों के बीच रही है कांटे की टक्कर 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच 28 मुकाबले खेले गए हैं। कीवी टीम को 16 मुकाबलों में जीत मिली है। 11 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है। टी-20 विश्व कप में उनके बीच 6 मुकाबले हुए हैं। न्यूजीलैंड को 3 मैच में जीत मिली है और श्रीलंका ने भी 3 मैच अपने नाम किए हैं। 2012 विश्व कप का मुकाबला न्यूजीलैंड ने सुपर ओवर में जीता था।

Advertisement

करियर

ऐसा रहा है परेरा का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

परेरा ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 95 मुकाबले खेले हैं और इसकी 93 पारियों में 26.23 की औसत और 132.89 की स्ट्राइक रेट से 2,335 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 16 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन रहा है। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा न्यूजीलैंड के ही खिलाफ बनाए हैं।

Advertisement