LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराते हुए सेमीफाइनल की ओर बढ़ाया कदम 
दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराया (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराते हुए सेमीफाइनल की ओर बढ़ाया कदम 

Feb 26, 2026
06:15 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 47वें मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराया। सुपर-8 के इस मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोमारियो शेफर्ड के अर्धशतक (51*) की मदद से 176/8 का स्कोर बनाया। जवाब में प्रोटियाज टीम ने कप्तान एडेन मार्करम (82*) और क्विंटन डिकॉक (47) की पारियों की मदद से 17वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती दक्षिण अफ्रीकी टीम 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 34 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच जेसन होल्डर (49) और रोमारियो शेफर्ड (52*) ने उम्दा पारियां खेली और टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका से डिकॉक (47) और मार्करम ने 95 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद रयान रिकेल्टन (45*) और मार्करम ने टीम को आसान जीत दिलाई।

साझेदारी 

शेफर्ड और होल्डर ने 8वें विकेट की रिकॉर्ड साझेदारी की

होल्डर और शेफर्ड ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी फुल-मेंबर जोड़ी द्वारा 8वें विकेट या उससे निचले क्रम की सबसे बड़ी साझेदारी की। दिलचस्प रूप से शेफर्ड पिछली सबसे बड़ी साझेदारी में भी शामिल थे, जब उन्होंने पिछले साल शमर स्प्रिंगर के साथ 78 रन (बनाम न्यूजीलैंड, 2025) जोड़े थे। बता दें कि शेफर्ड टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज की 8वें विकेट या उससे निचले क्रम की 6 अर्धशतकीय साझेदारियों में शामिल रहे हैं।

Advertisement

एनगिडी 

दक्षिण अफ्रीका से संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने एनगिडी

दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 30 रन देते हुए 3 विकेट लिए। एनगिडी के नाम अब 62 मैचों में 20.39 की औसत और 8.62 की इकॉनमी रेट के साथ 89 विकेट लिए हैं। उन्होंने विकेटों के मामले में तबरेज शम्सी की बराबरी की। बता दें कि शम्शी ने 70 मैचों में 20.89 की औसत और 7.39 की इकॉनमी रेट से 89 विकेट लिए हैं।

Advertisement

मार्करम 

मार्करम ने खेली मैच जिताऊ पारी, बने प्लेयर ऑफ द मैच

कप्तान एडेन मार्करम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां और कैरेबियन टीम के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 27 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में छठा अर्धशतक रहा। उन्होंने डिकॉक (47) के साथ पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में 95 रन की साझेदारी निभाई। वह 46 गेंदों में 82 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अंक तालिका 

दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल की ओर बढ़ाया कदम 

सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मार्करम की कप्तानी वाली टीम अब ग्रुप-1 में शीर्ष पर पहुंच गई है। अब दक्षिण अफ्रीका को अपने सुपर-8 के आखिरी मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम से जिम्बाब्वे से (1 मार्च) भिड़ना है। दूसरी तरफ वेस्टइंडीज की यह टी-20 विश्व कप 2026 में पहली हार हुई। वेस्टइंडीज की टीम तालिका में फिलहाल दूसरे स्थान पर है।

जानकारी

दक्षिण अफ्रीका की जीत का भारत को मिला फायदा

दक्षिण अफ्रीका की जीत की वजह से भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ गई है। अगर भारतीय टीम अपने बचे हुए दोनों सुपर-8 के मैच जीत जाती है तो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

Advertisement