टी-20 विश्व कप 2026: ट्रेविस हेड ने 13 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों के बाद लगाया अर्धशतक
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 30वें मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 56 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक साबित हुआ। उन्होंने 13 पारियों के अंतराल के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतकीय पारी खेली। इस बीच हेड ने कप्तान मिचेल मार्श के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी निभाई। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही हेड की पारी
हेड ने पारी का दूसरा ओवर करने आए महेश तीक्षाना के खिलाफ लगातार 2 चौके लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर पिटाई करते हुए 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 29 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने कप्तान मिचेल मार्श के साथ मिलकर 104 रन की साझेदारी की।
रिकॉर्ड
हेड ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड
हेड ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आखिरकार 50+ रन का स्कोर 13 पारियों (2024-26) के बाद बनाया। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज के तौर पर बिना अर्धशतक लगाए सर्वाधिक पारी खेलने का अनचाहा रिकॉर्ड एडम गिलक्रिस्ट (13 पारी, 2005-08) के नाम पर दर्ज था। अब हेड ने गिलक्रिस्ट के इस रिकॉर्ड की बराबरी की। बता दें कि इस सूची में अन्य बल्लेबाज आरोन फिंच, मैथ्यू वेड, और मैथ्यू शॉर्ट हैं। इन्होने 11-11 पारियों के अंतराल के बाद 50+ रन बनाए थे।