LOADING...
टी-20 विश्व कप: टिम साइफर्ट ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया, 2,000 रन भी पूरे
टिम साइफर्ट ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेली शानदार अर्धशतकीय पारी

टी-20 विश्व कप: टिम साइफर्ट ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया, 2,000 रन भी पूरे

Feb 08, 2026
02:17 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट ने टी-20 विश्व कप 2026 के चौथे मुकाबले में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (65) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 39 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही साइफर्ट की पारी और साझेदारी?

न्यूजीलैंड को 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 14 रन पर दो झटके लग गए थे। उसके बाद साइफर्ट ने ग्लेन फिलिप्स (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 और मार्क चैपमैन के साथ चौथे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वह अपनी इस पारी में 42 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रन बनाते हुए मोहम्मद नबी का शिकार बने।

उपलब्धि

साइफर्ट ने पूरे किए 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन

साइफर्ट के इस पारी का 47वां रन बनाते ही उनके इस प्रारूप में 2,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 5वें कीवी बल्लेबाज बने हैं। न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन मार्टिन गुप्टिल (3,531) के नाम दर्ज हैं। साइफर्ट ने गेंदों के हिसाब से 5वें सबसे तेज 2,000 रन पूरे किए हैं। उन्होंने 1,395 गेंदों में यह कारनामा किया है। सबसे तेज 2,000 रन का रिकॉर्ड भारतीय कप्तार सूर्यकुमार यादव (1,164 गेंद) के नाम दर्ज है।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है साइफर्ट का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

साइफर्ट ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2018 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 82 मैच खेले हैं, जिसकी 77 पारियों में 30.11 की औसत और 143.83 की स्ट्राइक रेट से 2,018 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 14 अर्धशतक निकले हैं। वह इस प्रारूप में अब तक कोई शतक नहीं लगा सके हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 97* रन का रहा है। वह 186 चौके और 97 छक्के भी लगा चुके हैं।

Advertisement