टी-20 विश्व कप 2026: इन खिलाड़ियों का टूटा सपना, चोट के कारण हुए टूर्नामेंट से बाहर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत शनिवार (7 फरवरी) से हो रही है। इसके लिए सभी टीमों ने कमर कस रखी है, लेकिन कई टीमों को चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझना पड़ा है। चोट के कारण उनके कई दिग्गज खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। इससे उन खिलाड़ियों का विश्व कप खेलना सपना टूटने के साथ ही टीमों की योजनाओं को भी झटका लगा है। आइए चोट के कारण बाहर होने वाले खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।
#1 #2
कमिंस और हेजलवुड के बाहर होने से ऑस्ट्रेलिया को झटका
चोटिल खिलाड़ियों के कारण सबसे बड़ा झटका ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और एकिलीस चोट के कारण विश्व कप से बाहर हो गए हैं। इसी तरह पैट कमिंस को पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। टीम के तीसरे दिग्गज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पहले ही टी-20 प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में कंगारू टीम कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के साथ खेलने को मजबूर है।
#3 #4
टोनी डी जॉर्जी और डोनोवन फरेरा ने बढ़ाई दक्षिण अफ्रीका की मुश्किल
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को भी चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझना पड़ा है। सलामी बल्लेबाज टोनी डी जॉर्जी को हैमस्ट्रिंग चोट के कारण विश्व कप से बाहर होना पड़ा है। उनकी जगह रयान रिकल्टन को टीम में शामिल किया गया है। इसी तरह विकेटकीपर बल्लेबाज डोनोवन फरेरा लेफ्ट क्लेविकल (गर्दन के निचले हिस्से और कंधे के बीच स्थित एक हड्डी) फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह ट्रिस्टन स्टब्स को मौका मिला है।
#5
नवीन उल हक के बाहर होने से बढ़ी अफगानिस्तान की परेशानी
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को भी चोटिल खिलाड़ी समस्या से जूझना पड़ा है। टीम के युवा तेज गेंदबाज नवीन उल हक को भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। वह अभ्यास के दौरान दाहिने कंधे में चोट लगवा बैठे थे। जांच में उनके फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद टीम प्रबंधन को उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करना पड़ा। उनकी जगह जिया उर रहमान को टीम में शामिल किया गया है। इससे अफगान टीम के अभियान को झटका लगा है।
#6
एडम मिल्ने के बाहर होने से न्यूजीलैंड को लगा झटका
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम भी चोटिल खिलाड़ियों से समस्या से अछूती नहीं रही। तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। उन्हें पिछले महीने SA20 प्रतियोगिता में गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी। उसके बाद वह पुनर्वास कार्यक्रम से गुजर रहे थे, लेकिन अंतिम समय में उनकी चोट फिर से उबर आई। ऐसे में उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने के बाद उनकी जगह काइल जैमीसन को टीम में शामिल किया गया।
#7
हर्षित राणा ने भारतीय टीम को परेशानी में डाला
टूर्नामेंट शुरू होने से एक दिन पहले भारतीय क्रिकेट टीम का नाम भी इस सूची में दर्ज हो गया। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित राणा जोड़ों के दर्द के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर हैं। 4 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान उनकी यह चोट सामने आई थी। जांच में उनके दाहिने घुटने में सूजन पाई गई है। ऐसे में उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।