टी-20 विश्व कप 2026: जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, जानिए प्लेइंग इलेवन
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम से भिड़ने को तैयार है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। सुपर-8 में पहले मैच में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका से करारी हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में वह यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी। जिम्बाब्वे टीम भी भारत को कड़ी टक्कर देना चाहेगी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती। जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेन्डा मापोसा, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी। भारतीय टीम ने वाशिंगन सुंदर की जगह उपकप्तान अक्षर पटेल और रिंकू सिंह की जगह संजू सैमसन को मौका दिया है।
हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारी रहा है भारत का पलड़ा
टी-20 प्रारूप में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 10 में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि जिम्बाब्वे टीम केवल 3 मुकाबले जीतने में सफल रही है। इसी तरह टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच अब तक केवल एक मुकाबला खेला गया है, जिसे भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। ऐसे में अब जिम्बाब्वे जीत दर्ज करना चाहेगी।
पिच
कैसा रहेगा चेन्नई की पिच का मिजाज?
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच में आमतौर पर स्पिनरों को मदद मिलती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाज सतह का फायदा ले सकते हैं। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है, जो मैच के आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाज अगर अपनी नजरें जमा लें तभी बड़ा स्कोर बना सकते हैं। यहां बड़े-बड़े स्कोर बनते हुए नहीं देखे गए हैं। ऐसे में टीमों को संयम से खेलना होगा।
निगाहें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
सूर्यकुमार ने 10 मुकाबलों में 60.29 की औसत से 422 रन बनाए हैं। ईशान किशन के बल्ले से 9 मुकाबलों में 43.44 की औसत से 391 रन निकले हैं। ब्रायन बेनेट ने 10 मुकाबलों में 384 रन बनाए हैं। कप्तान सिकंदर के बल्ले से 10 मैचों में 331 रन निकले हैं। वरुण ने पिछले 8 मैच में 14 विकेट चटकाए हैं। अर्शदपी के नाम 8 मैच में 13 विकेट है। इवांस ने पिछले 10 मैच में 20 विकेट लिए हैं।