टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने उतरेगी न्यूजीलैंड, जानिए प्रीव्यू
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 49वें मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सामना न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से शुक्रवार (27 फरवरी) को होगा। यह सुपर-8 चरण में ग्रुप-2 का मुकाबला होगा। इंग्लैंड टीम 2 मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है। अब श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद जोश से लबरेज न्यूजीलैंड की टीम भी इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य जरूरी बातों पर नजर डाल लेते हैं।
हेड-टू-हेड
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है इंग्लैंड का पलड़ा
टी-20 प्रारूप में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 17 में इंग्लिश टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि कीवी टीम केवल 10 मुकाबले जीतने में सफल रही है। 3 मुकाबले अनिर्णित रहे हैं। टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 4 में इंग्लैंड ने और 3 में कीवी टीम ने जीत दर्ज की है।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है इंग्लिश टीम
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को अपने आखिरी मैच में 2 विकेट से हराया था। ऐसे में टीम अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि, बल्लेबाजों को कीवी के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा। खासकर जोस बटलर इस मुकाबले में अपनी खोई हुई फॉर्म वापस पा सकते हैं। इंग्लैंड की संभावित एकादश: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम कर्रन, विल जैक्स, जैमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है कीवी टीम
न्यूजीलैंड को पिछले मैच में श्रीलंका के खिलाफ 61 रनों से जीत मिली है, लेकिन उसमें उसका शीर्ष क्रम धराशाही हो गए था। ऐसे में टीम को सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट और फिन एलन से जोरदार शुरुआत की उम्मीद होगी। मध्यक्रम में डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स असरदार साबित हो सकता है। संभावित एकादश: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, इश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन।
पिच
कैसी रहती है आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच?
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 152 रन है। यहां सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने (215/5 बनाम श्रीलंका, 2018) ने बनाया है।
जानकारी
कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 27 फरवरी को कोलंबो में बादल छाए रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की 55 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच में खलल पड़ सकता है।
निगाहें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
कप्तान ब्रूक ने पिछली 10 पारियों में 32.25 की औसत से 258 रन बनाए हैं। कर्रन के बल्ले से पिछली 10 पारियों में 204 रन निकले हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए साइफर्ट ने पिछली 10 पारियों में 284 रन बनाए हैं। इंग्लैंड से राशिद ने पिछले 9 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं। डॉसन ने पिछले 9 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। हैनरी के खाते में पिछले 8 मुकाबलों में 8.69 की इकॉनमी रेट से 9 विकेट आए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच यह मैच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में रात 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।