टी-20 विश्व कप 2026: श्रीलंका को लगा बड़ा झटका, मथीशा पथीराना पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मथीशा पथीराना टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं। उनके बाएं पैर की पिंडली में खिंचाव पाया गया है, जिससे उबरने में कई हफ्ते लग सकते हैं। यह चोट उन्हें पल्लेकेले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान लगी, जब चौथी गेंद डालने के बाद वह दर्द में मैदान से बाहर चले गए और फिर गेंदबाजी नहीं कर सके। हालांकि, उनके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेलने पर कोई खतरा नहीं है।
पुष्टि
श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच ने कही ये बात
श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने 18 फरवरी (बुधवार) को पथीराना की चोट की गंभीरता की पुष्टि की। जिम्बाब्वे के खिलाफ अंतिम ग्रुप मैच से पहले राठौर ने कहा कि पथीराना को टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों के लिए अनफिट घोषित किया जा चुका है और इसकी आधिकारिक जानकारी जल्द सामने आ सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि पथिराना के संभावित रिप्लेसमेंट को लेकर अभी टीम प्रबंधन के बीच चर्चा जारी है।
मौका
पथीराना की जगह इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
पथीराना श्रीलंका के सबसे अहम डेथ ओवर के गेंदबाज माने जाते हैं। उनके बाहर होने से श्रीलंका की गेंदबाजी कमजोर पड़ सकती है। अब टीम प्रबंधन उनके विकल्प पर मंथन कर रहा है। चोट से उबरकर लौटे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका के नाम पर विचार हो रहा है। हालांकि, टी-20 में उनका रिकॉर्ड औसत है। बिनुरा फर्नांडो और नुवान तुषारा भी रेस में हैं। इसके अलावा टीम बल्लेबाजी और स्पिन विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
सुपर-8
सुपर-8 में जगह बना चुकी है श्रीलंका
श्रीलंका अपने पहले 3 मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बना चुकी है। वह अपना आखिरी ग्रुप मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगी। सुपर-8 में उनका पहला मुकाबला इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 22 फरवरी को होगा। इसके बाद वह 25 फरवरी को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेलने उतरेंगे। वहीं, 28 फरवरी को उनका सामना पाकिस्तान और USA में से किसी एक टीम से होगा। ये मुकाबला पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जाएगा।
जरूरी
श्रीलंका को क्यों खलेगी पथीराना की कमी?
पथीराना श्रीलंका के लिए इसलिए बेहद जरूरी हैं, क्योंकि वह डेथ ओवरों में रन रोकने में माहिर माने जाते हैं। उनकी तेज रफ्तार, यॉर्कर डालने की क्षमता और अनोखा स्लिंग एक्शन बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं देता। पथीराना दबाव वाले मौकों पर विकेट निकालने की काबिलियत रखते हैं, जिससे मैच का रुख पलट सकता है। टी-20 क्रिकेट में जहां आखिरी ओवर निर्णायक होते हैं, वहां पथीराना श्रीलंका की सबसे बड़ी ताकत माने जाते हैं।