टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड से हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हुई श्रीलंका
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के 46वें मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 61 रन से हराया। प्रेमदासा स्टेडियम में हुए मैच में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168/7 का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंकाई टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 107/8 का स्कोर ही बना सकी। इस हार के साथ ही श्रीलंकाई टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हुई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
टॉस हारकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने निरंतर अंतराल पर विकेट खोए। कीवी टीम ने एक समय 84 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में मिचेल सैंटनर (47) और कोल मैककोन्ची (31) ने उम्दा पारी खेलते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में श्रीलंका ने 29 रन तक अपने 4 विकेट खो दिए। इसके बाद भी श्रीलंका के विकेटों का पतझड़ जारी रहा और टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
साझेदारी
मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची ने 7वें विकेट की रिकॉर्ड साझेदारी
सैंटनर और मैककॉन्ची ने 47 गेंदों पर 84 रन जोड़े। यह टी-20 विश्व कप में 7वें विकेट या उससे निचले क्रम में सबसे बड़ी साझेदारी करने का नया रिकॉड बन गया। सैंटनर ने 26 गेंदों में 47 रन और मैककॉन्ची ने 23 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए। इस जोड़ी ने माइकल हसी और स्टीव स्मिथ की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि इस ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ 74 रन की साझेदारी की थी।
आंकड़े
1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन वाले 13वें कीवी खिलाड़ी बने सैंटनर
सैंटनर अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के तीसरे अर्धशतक से चूक गए। हालांकि, इस बीच उन्होंने अपने 1,000 रन पूरे किए। इस आंकड़े के साथ वह 13वें कीवी बल्लेबाज बन गए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के अब 132 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 131.74 के स्ट्राइक रेट से 1,021 रन हो गए हैं। सैंटनर के 47 रन अब टी-20 विश्व कप में उनका बल्लेबाजी में सबसे बड़ा स्कोर दर्ज हो गया है।
रविंद्र
रचिन रविंद्र ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन, बने प्लेयर ऑफ द मैच
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रविंद्र ने अपने 4 ओवर में 27 रन देते हुए 4 विकेट लिए। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने अपने पहले ही ओवर में कुसल मेंडिस (11) और पवन रथनायके (10) के विकेट चटकाए। इसके बाद उन्होंने विपक्षी कप्तान दासुन शनाका (3) और निचले क्रम में दुशान हेमंथा (3) को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया। इससे पहले अपनी बल्लेबाजी में रविंद्र ने 22 गेंदों में 32 रन बनाए थे।
अंक तालिका
श्रीलंका ने सुपर-8 में अपनी दूसरी हार झेली
सुपर-8 ग्रुप-2 में यह श्रीलंका की लगातार दूसरी हार है। सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी श्रीलंका को अपने आखिरी मैच में 28 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ना है। दूसरी तरह न्यूजीलैंड की यह सुपर-8 में पहली जीत है। इससे पहले कीवी टीम का बारिश के खिलाफ मैच बेनतीजा रहा था। 3 अंको के साथ कीवी टीम अपने ग्रुप में फिलहाल दूसरे पायदान पर है। उन्होंने सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ाया है।