LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: दक्षिण अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
दक्षिण अफ्रीका ने जीता है अपना पहला मैच (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: दक्षिण अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Feb 10, 2026
04:01 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 13वें मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम का सामना अफगानिस्तान क्रिकेट टीम से 11 फरवरी को होगा। प्रोटियाज टीम ने अपने पहले मैच में कनाडा को हराया है, जबकि अफगानिस्तान को अपने पिछले मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला होना है। आइए इस मैच से जुड़ी अहम बातों और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

हेड-टू-हेड 

अफगानिस्तान के खिलाफ अजेय रही है दक्षिण अफ्रीकी टीम 

अब तक दोनों टीमें कुल 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में आमने-सामने हुई हैं, और सभी में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है। आखिरी बार दोनों टीमें टी-20 विश्व कप 2024 में आमने-सामने थी, जिसमें प्रोटियाज टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की। ब्रायन लारा स्टेडियम में हुए उस मैच में अफगानी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 56 रन पर सिमट गई थी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया था।

अफगानिस्तान 

ऐसी हो सकती है अफगानिस्तान की टीम

अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में निर्धारित 20 ओवर के बाद 182/6 का स्कोर बनाया था। इसके बावजूद अफगानी टीम को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम अपने गेंदबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नैब, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), मुजीब उर रहमान, जियाउर रहमान शरीफी, और फजलहक फारूकी।

Advertisement

दक्षिण अफ्रीका 

इस संयोजन के साथ उतर सकती है दक्षिण अफ्रीकी टीम 

दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले मुकाबले में कनाडा के खिलाफ 213/4 का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में कनाडा की टीम 156/8 का स्कोर ही बना सकी थी। उस मैच में डेवाल्ड ब्रेविस को छोड़कर सभी बल्लेबाजों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में प्रोटियाज टीम अपनी लय को बरकरार रखना चाहेगी। संभावित एकादश: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, और लुंगी एनगिडी।

Advertisement

पिच रिपोर्ट 

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट 

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्‌टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। ऐसे में बल्ले और गेंद के बीच रोचक मुकाबला मिल सकता है।

जानकारी

कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?

एक्यूवेदर के अनुसार, 11 फरवरी को अहमदाबाद में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 18 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच बिना किसी खलल के होने की संभावना है।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें 

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने कनाडा के खिलाफ 32 गेंदों पर 59 रन बनाए थे। वह एक बार फिर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने उस मैच में 31 रन देकर 4 विकेट लिए थे। अफगानिस्तान के गुलबदीन नैब ने अपने पिछले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 गेंदों में 63 रन बनाए थे। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अगले मैच में कमाल करना चाहेंगे।

जानकारी

कब और कहां देखें मैच?

अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement