LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: शाई होप ने नेपाल के खिलाफ लगाया अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
शाई होप ने नेपाल के खिलाफ लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: शाई होप ने नेपाल के खिलाफ लगाया अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Feb 15, 2026
02:34 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 25वें मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने नेपाल क्रिकेट टीम को हराते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया। ग्रुप-C के मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने जीत के लिए मिले 134 रन के लक्ष्य को 1 विकेट के नुकसान पर हासिल किया। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 61 रन बनाए। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शानदार रही होप की पारी 

वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में होप ने धीमी शुरुआत की और 19 गेंदों में 18 रन बनाए। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 44 गेंदों पर 61 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने शिमरोन हेटमायर (46*) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 91 रन की अटूट साझेदारी की।

आंकड़े 

होप ने पूरे किए 1,500 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन 

होप ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 1,500 रन पूरे किए। उन्होंने अब तक 63 मैच खेले हैं, जिसकी 61 पारियों में 29.51 की औसत और 137.05 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,535 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 2017 में की थी। वह बतौर कप्तान इस प्रारूप में 650 से अधिक रन बना चुके हैं।

Advertisement

आंकड़े 

होप ने टी-20 विश्व कप में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया 

होप ने अब तक टी-20 विश्व कप (2024-2026) में 6 मैच खेले हैं, जिसमें 46.75 की औसत और 148.41 की स्ट्राइक रेट के साथ 187 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 82* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए हैं। मौजूदा टी-20 विश्व कप में यह होप के बल्ले से निकलने वाली पहली 50+ रन की पारी है। इससे पहले उन्होंने 0 और 19 रन के स्कोर किए थे।

Advertisement

वेस्टइंडीज 

इस तरह से जीती वेस्टइंडीज की टीम 

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। नेपाल के लिए दिपेंद्र सिंह ऐरी (58) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नेपाल ने 133/8 का स्कोर बनाया। जेसन होल्डर ने वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। जवाब में कप्तान शाई होप (61) और शिमरोन हेटमायर (46) की शानदार पारियों के दम पर वेस्टइंडीज को आसान जीत मिल गई। कैरेबियाई टीम ने 15.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

Advertisement