LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: नेपाल ने स्कॉटलैंड को हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की 
सोमपाल कामी ने की उम्दा गेंदबाजी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: नेपाल ने स्कॉटलैंड को हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की 

Feb 17, 2026
10:53 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 33वें मैच में नेपाल क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में स्कॉटिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 170/7 का स्कोर बनाया। जवाब में नेपाल की टीम ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से रहा रोचक मुकाबला 

जॉर्ज मुन्से (27) और माइकल जोन्स (71) ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। अच्छी शुरुआत के बाद ब्रैंडन मैकमुलेन ने 25 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम आखिरी ओवरों के दौरान तेजी से रन बटोरने में नाकाम रही। नेपाल से सोमपाल कामी ने 3 विकेट लिए। जवाब में कुशल भुर्तेल (43) और आसिफ शेख (33) ने उम्दा शुरुआत की। इसके बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी (50*) और गुलशन झा (24*) ने जीत दिलाई।

जोन्स

जोन्स ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा अर्धशतक लगाया 

जोन्स ने पारी का तीसरा ओवर करने आए दीपेंद्र सिंह ऐरी के खिलाफ एक चौका और एक छक्का लगाते हुए आक्रामक बल्लेबाजी के संकेत दिए। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उम्दा लय में नजर आ रहे जोन्स 45 गेंदों में 71 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के भी लगाए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक रहा।

Advertisement

सोमपाल कामी

सोमपाल कामी ने की उम्दा गेंदबाजी 

नेपाल के तेज गेंदबाज सोमपाल कामी ने जोन्स को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने उसी ओवर में ब्रैंडन मैकमुलेन का भी विकेट चटकाया। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने मध्यक्रम के बल्लेबाज टॉम ब्रूस (5) को बोल्ड किया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 25 रन देते हुए ये 3 सफलताएं हासिल की। उनके अब 88 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 23.46 की औसत से 84 विकेट हो गए हैं।

Advertisement

अर्धशतक 

दीपेंद्र सिंह ऐरी ने लगाया अर्धशतक, बने प्लेयर ऑफ द मैच 

लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने जब 87 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब दीपेंद्र क्रीज पर पर आए। उन्होंने दबाव की परिस्थिति में तेज रन गति से बल्लेबाजी की और सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 217.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने गुलशन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 73 रन की अटूट साझेदारी भी की।

अंक तालिका 

नेपाल ने दर्ज की अपनी पहली जीत 

नेपाल ने टी-20 विश्व कप 2026 का अभियान जीत के साथ समाप्त किया। इस संस्करण ने नेपाल ने अपने 4 में से 3 मैच हारे। ग्रुप-C में मौजूद नेपाली टीम अंक तालिका में आखिरी 5वें स्थान पर रही। इस ग्रुप से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज क्रिकेट ने सुपर-8 में प्रवेश किया है। नेपाल के अलावा स्कॉटलैंड और इटली की टीमें ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी।

Advertisement