टी-20 विश्व कप 2026: साहिबजादा फरहान ने USA के खिलाफ अर्धशतक लगाया, पूरे किए 1,000 रन
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 12वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने USA क्रिकेट टीम के खिलाफ 73 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक रहा और इस दौरान उन्होंने अपने करियर के 1,000 रन भी पूरे किए। उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190/9 का स्कोर बनाया। आइए फरहान की पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही फरहान की पारी
फरहान ने पारी के दूसरे ओवर में 3 बेहतरीन चौके लगाए। उन्होंने पावरप्ले ओवरों में USA के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सलामी बल्लेबाज ने 41 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी पारी का अंत हरमीत सिंह ने किया। यह टी-20 विश्व कप में फरहान की पहली अर्धशतकीय पारी रही।
आंकड़े
फरहान ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 1,000 रन पूरे किए
फरहान ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच से अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 41 मैचों की 41 पारियों में 26.05 की औसत और 132.23 की स्ट्राइक रेट से 1,042 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 80* रन रहा है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पाकिस्तान के 10वें बल्लेबाज बने।
बाबर
बाबर अर्धशतक से चूके
पाकिस्तान के प्रमुख बल्लेबाज बाबर आजम ने आज अच्छी बल्लेबाजी की और वह अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। बाबर 32 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। बाबर और फरहान ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 81 रन की अहम साझेदारी की। उनके अलावा ऑलराउंडर शादाब खान ने 12 गेंदों में 30 रन की उपयोगी पारी खेली। अपनी पारी में शादाब ने 4 चौके और 1 छक्का लगाया।
गेंदबाजी
शैडली वैन शाल्कविक ने लगातार दूसरे मैच में लिए 4 विकेट
USA के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने कमाल का प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 25 रन देते हुए 4 विकेट लिए। यह लगातार दूसरा ऐसा मैच रहा, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने भारत के खिलाफ भी 25 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। शाल्कविक फिलहाल टी-20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट (8) लेने वाले गेंदबाज हैं।