साहिबजादा फरहान टी-20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 35वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने नामीबिया के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी (100*) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक साबित हुआ। यह टी-20 विश्व कप 2026 में फरहान के बल्ले से निकलने वाली दूसरी 50+ रन की पारी रही। उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199/3 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही साहिबजादा फरहान की पारी
फरहान ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और पावरप्ले ओवरों की समाप्ति तक 19 गेंदों पर 25 रन बनाए। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान सलमान आगा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 67 रन की उपयोगी साझेदारी की। उन्होंने आखिरी ओवर के दौरान 57 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 58 गेंदों में 100 रन बनाकर नाबाद रहे।
सूची
अहमद शहजाद की सूची में शामिल हुए फरहान
फरहान से पहले पाकिस्तानी बल्लेबाजों में सिर्फ अहमद शहजाद ने इस टूर्नामेंट में शतक लगाया है। बता दें कि अहमद ने टी-20 विश्व कप 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 111 रन बनाए थे। वहीं, टी-20 विश्व कप 2026 में फरहान शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। इस संस्करण में कनाडा के युवराज सामरा (110) और श्रीलंका के पथुम निसांका (100*) ने शतक लगाए हैं।
आंकड़े
फरहान ने टी-20 विश्व कप 2026 में बनाए सर्वाधिक रन
फरहान टी-20 विश्व कप 2026 में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 4 पारियों में 73.33 की औसत और 164.17 की स्ट्राइक रेट के साथ 220 रन बनाए हैं। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सका है। उन्होंने एक शतक और एक ही अर्धशतक भी लगाया। उन्होंने USA क्रिकेट टीम के खिलाफ 73 रन की पारी खेली थी। वह भारत के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल सके थे।
पाकिस्तान
पाकिस्तान ने बनाया अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर
पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। बता दें कि पाकिस्तान का इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ा स्कोर 2016 में बांग्लादेश के खिलाफ (201/5) बनाया था। इस सूची में पाकिस्तान का तीसरा सर्वोच्च स्कोर 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (191/6) आया था। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान का चौथा सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध (191/5) 2016 में आया था।