टी-20 विश्व कप 2026: रोमारियो शेफर्ड ने लगाया अर्धशतक, जेसन होल्डर के साथ की रिकॉर्ड साझेदारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 47वें मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में नाबाद 52 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक साबित हुआ। उन्होंने जेसन होल्डर (49) के साथ मिलकर 89 रन की साझेदारी की और यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस नंबर की रिकॉर्ड साझेदारी बन गई। आइए शेफर्ड की पारी और साझेदारी के बारे में जानते हैं।
रिकॉर्ड
शेफर्ड और होल्डर ने 8वें विकेट की रिकॉर्ड साझेदारी की
होल्डर और शेफर्ड ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी फुल-मेंबर जोड़ी द्वारा 8वें विकेट या उससे निचले क्रम की सबसे बड़ी साझेदारी की। दिलचस्प रूप से शेफर्ड पिछली सबसे बड़ी साझेदारी में भी शामिल थे, जब उन्होंने पिछले साल शमर स्प्रिंगर के साथ 78 रन (बनाम न्यूजीलैंड, 2025) जोड़े थे। बता दें कि शेफर्ड टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज की 8वें विकेट या उससे निचले क्रम की 6 अर्धशतकीय साझेदारियों में शामिल रहे हैं।
पारी
शानदार रही शेफर्ड की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के शीर्षक्रम के बल्लेबाज निरंतर आउट होते चले गए। जब कैरेबियाई टीम ने 83 रन के स्कोर पर अपना 7वां विकेट खोया, तब शेफर्ड क्रीज पर आए। उन्होंने विकेटों के दबाव के बावजूद अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की। वह 37 गेंदों में 140.54 की स्ट्राइक रेट के साथ 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए।
वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज को मिली हार
दक्षिण अफ्रीका की घातक गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज ने 34 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच होल्डर (49) और शेफर्ड (52*) ने उम्दा पारियां खेली और टीम को 176/8 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका से क्विंटन डिकॉक (47) और एडेन मार्करम ने 95 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद रयान रिकेल्टन (45*) और मार्करम (82*) ने टीम को 9 विकेट से जीत दिलाई।