टी-20 विश्व कप 2026: शनिवार को फिर से भारतीय टीम से जुड़ेंगे रिंकू सिंह
क्या है खबर?
शुक्रवार को भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हुआ था। उनके पिता लिवर कैंसर की जंग हार गए थे। ऐसी खबर है कि रिंकू अपने पिता के अंतिम संस्कार के बाद अब शनिवार को फिर से भारतीय टीम से जुड़ेंगे। बता दें कि भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 मार्च को मैच खेलना है, जिसके लिए रिंकू उपलब्ध होंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
कोलकाता में टीम से जुड़ेंगे रिंकू
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने IANS को बताया, "रिंकू सिंह कल कोलकाता में टीम से जुड़ेंगे।" बता दें कि भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन स्टेडियम में मुकाबला खेलना है। इस मैच को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। ऐसे में भारतीय टीम अहम मुकाबले में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। रिंकू के प्रदर्शन की बात करें तो मौजूदा संस्करण में उन्होंने 5 पारियों में 82.75 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 24 रन बनाए हैं।
काम
रिंकू के पिता करते थे गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम
रिंकू का बचपन काफी संघर्षों से भरा रहा। एक इंटरव्यू में उन्होंने था, "मेरे परिवार में 5 भाई हैं। पापा गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। हम सभी भाई उनके साथ मिलकर काम करते थे। 2-2 सिलेंडर उठाकर घरों और होटलों में डिलीवरी करने जाते थे। पूरे परिवार ने पापा का साथ दिया। जहां भी मैच होते थे, हम सभी भाई एक साथ खेलने जाते थे। पापा शुरुआत में खेलने से मना करते थे, लेकिन मम्मी सपोर्ट करती थीं।