टी-20 विश्व कप 2026: नामीबिया को हराकर सुपर-8 में जगह बनाने उतरेगी पाकिस्तान, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का 35वां मुकाबला बुधवार (18 फरवरी) को पाकिस्तान क्रिकेट टीम और नामीबिया क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा। पाकिस्तान के लिए यह काफी महत्वपूर्ण मुकाबला होगा क्योंकि इसमें जीत हासिल करने के बाद ही वह सीधे तौर पर सुपर-8 में जगह बना पाएगी। दूसरी ओर नामीबिया का प्रयास जीत हासिल कर पाकिस्तान के सपने को तोड़ने का रहेगा। ऐसे में मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। आइए मैच से जुड़ी अहम बातें जानते हैं।
हेड-टू-हेड
नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान ने जीता है एकमात्र मैच
टी-20 प्रारूप में अब तक दोनों टीमों के बीच केवल एक मैच खेला गया है, जिसमें पाकिस्तान टीम ने जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला टी-20 विश्व कप 2021 में दुबई में खेला गया था। उसमें पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189/2 को स्कोर खड़ा किया था। जवाब में नामीबिया टीम 5 विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना सकी थी। ऐसे में नामीबिया इस बार उस हार का हिसाब चुकता करने का प्रयास करेगी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
पाकिस्तान को भारत के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी थी। टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही थी। ऐसे में सैम अयूब और साहिबजादा फरहान की सलामी जोड़ी टीम को मजबूत शुरुआत देना चाहेगी। कप्तान आघा सलमान और बाबर आजम से मध्य क्रम में बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। टीम स्पिन गेंदबाजों पर भरोसा करेगी। संभावित एकादश: सैम, साहिबजादा फरहान, आघा सलमान (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक और अबरार अहमद।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है नामीबिया की टीम
नामीबिया के सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप ने USA के खिलाफ 39 गेंदों में 58 रन बनाए थे। ऐसे में वह उस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। जेजे स्मिट मध्य क्रम में फिर से बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। टीम को गेंदबाजी में एकजुट प्रदर्शन करना होगा। नामीबिया की संभावित एकादश: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, मलान क्रूगर, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हिंगो।
पिच
कैसी रहती है सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की पिच?
सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड की पिच में पिछले कुछ वर्षों में काफी बदलाव आया है। ऐसे में दोनों टीमों को अपनी अंतिम एकादश तय करने से पहले पिच की स्थिति का अच्छी तरह आकलन करना होगा। इस पिच पर स्पिनरों की अहम भूमिका रहने की संभावना है। अब तक हुए मैचों में स्पिनर काफी प्रभावी दिखे हैं। यहां पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 150+ रन के स्कोर पर भी रोमांचक मैच होने की उम्मीद है।
जानकारी
क्या मैच में बारिश डालेगी खलल?
एक्यूवेदर के अनुसार, 18 फरवरी को कोलंबो में बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 23 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की 67 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच में बारिश का खलल पड़ सकता है।
निगाहें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
पाकिस्तान से आघा सलमान ने पिछले 10 मैचों में 275 रन अपने नाम किए हैं। सैम अयूब 10 मैचों में 261 रन बनाने में सफल रहे हैं। नामीबिया से फ्राइलिंक ने पिछले 10 मैचों में 348 रन बनाए हैं। स्मिट के बल्ले से 10 मैचों 264 रन निकले हैं। अबरार पिछले 10 मैचों में 16 विकेट लेने में सफल रहे हैं। स्मिट ने पिछले 9 मैचों में 12 विकेट अपने नाम किए हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
पाकिस्तान और नामीबिया के बीच यह मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।