टी-20 विश्व कप 2026: भारत के खिलाफ मैच खेल सकता है पाकिस्तान, रखी ये मांग
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच का लोगों को बेसब्री से इंतजार है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई कि यह मैच खेला जाएगा या नहीं। रविवार को पाकिस्तान के लाहौर में हुई इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की बैठक से उम्मीद जगी है कि यह मैच आखिरकार हो सकता है। PCB अगले 24 घंटों में यह फैसला ले सकता है कि वह भारत के खिलाफ मैच खेलेगा या उसका बहिष्कार करेगा।
फैसला
पाकिस्तान सरकार से सलाह लेगा PCB
PCB इस मामले में अंतिम निर्णय लेने से पहले पाकिस्तान की केंद्र सरकार से सलाह करेगा। बताया जा रहा है कि बोर्ड राजनीतिक दिशा-निर्देशों और भारत-पाकिस्तान मैच से हटने के संभावित असर पर विचार कर रहा है। यह सब लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई करीब 5 घंटे लंबी बैठक के बाद लिए जाएगा। इस बैठक में PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी, ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल थे।
पाकिस्तान की शर्त
पाकिस्तान ने रखी ये मांग
रिपोर्ट्स के अनुसार, ICC-PCB की बैठक में नकवी ने ICC से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंध फिर से शुरू करने में मदद करने के लिए कहा है। उन्होंने एशिया कप में हाथ न मिलाने वाली घटना का मुद्दा भी उठाया और कहा कि खिलाड़ियों को खेल की नैतिकता बनाए रखनी चाहिए और पारंपरिक अभिवादन का पालन करना चाहिए। उन्होंने पकिस्तान के लिए ज्यादा रेवेन्यू शेयर की मांग भी की है।
बांग्लादेश
बांग्लादेश ने भी रखी अपनी मांग
बैठक में शामिल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल ने भी ICC से कुछ मांगे सामने रखी हैं। उन्होंने ICC के किसी एक बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार मांगा है। सूत्र के अनुसार, "बांग्लादेश ने भी ICC से आर्थिक मुआवजे की मांग की है और साथ ही किसी एक वैश्विक टूर्नामेंट, संभवतः 2028 में होने वाले अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी की मांग रखी है।"