LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: पाकिस्तान ने USA को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 
शादाब खान ने लिए 2 विकेट (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: पाकिस्तान ने USA को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Feb 10, 2026
10:47 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 12वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने USA क्रिकेट टीम को 32 रन से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में हुए मुकाबले में पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के अर्धशतक (73) की मदद से 190/9 का स्कोर बनाया। जवाब में USA की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 158/8 का स्कोर ही बना सकी। आइए इस मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

पाकिस्तान ने आसानी से मैच जीता 

पाकिस्तान से सैम अयूब (19) और सलमान आगा (1) जल्दी आउट हुए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज साहिबजादा ने 73 रन बनाए। उनके अलावा बाबर आजम (46) और शादाब खान (30) ने उपयोगी योगदान देकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में USA से शायन जहाँगीर ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 49 रन और शुभम रंजने ने 51 रन बनाए। इनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम लक्ष्य से दूर रह गई।

साहिबजादा फरहान

साहिबजादा फरहान ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक लगाया, बने प्लेयर ऑफ द मैच  

फरहान ने पारी के दूसरे ओवर में 3 बेहतरीन चौके लगाए। उन्होंने पावरप्ले ओवरों में USA के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सलामी बल्लेबाज ने 41 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी पारी का अंत हरमीत सिंह ने किया। यह टी-20 विश्व कप में फरहान की पहली अर्धशतकीय पारी रही।

Advertisement

जानकारी

फरहान ने लगाए 5 छक्के 

क्रिकबज के अनुसार, फरहान अब टी-20 विश्व कप मैच में पाकिस्तान के किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं। वह केवल शोएब मलिक से पीछे हैं, जिन्होंने 2021 में शारजाह में स्कॉटलैंड के खिलाफ 6 छक्के लगाए थे।

Advertisement

आंकड़े 

साहिबजादा फरहान ने पूरे किए 1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन 

फरहान ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच से अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 41 मैचों की 41 पारियों में 26.05 की औसत और 132.23 की स्ट्राइक रेट से 1,042 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 80* रन रहा है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पाकिस्तान के 10वें बल्लेबाज बने।

गेंदबाजी 

शैडली वैन शाल्कविक इस सूची में हुए शामिल  

USA के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने कमाल का प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 25 रन देते हुए 4 विकेट लिए। यह लगातार दूसरा ऐसा मैच रहा, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने भारत के खिलाफ भी 25 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। क्रिकइंफो के मुताबिक, शाल्कविक टी-20 विश्व कप में लगातार 2 मैचों में 4 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले फजलहक फारूकी ऐसा कर चुके हैं।

शुभम रंजने

शुभम रंजने ने लगाया अर्धशतक 

शुभम रंजने ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 30 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए। इस ऑलराउंडर ने अपने शुरुआती टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 2 मैचों में 88 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ वह गेंदबाजी में कोई विकेट नहीं ले सके हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ मैच से अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी।

अंक तालिका 

ग्रुप-A में शीर्ष पर पहुंचा पाकिस्तान 

पाकिस्तान की यह टी-20 विश्व कप में लगातार दूसरी जीत है। ग्रुप-A में मौजूद पाकिस्तानी टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। इस ग्रुप में भारतीय टीम दूसरे पायदान पर खिसक गई है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ने अब तक एक मैच खेला है और उसमें जीत दर्ज की है। USA ने अपने दोनों मैच हारे हैं और अंतिम पांचवें पायदान पर मौजूद है।

Advertisement