टी-20 विश्व कप इतिहास में दक्षिण अफ्रीका को कभी नहीं हरा पाई न्यूजीलैंड, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 24वें मुकाबले में शनिवार (14 फरवरी) को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम से होगा। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। अब तक टी-20 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 4 मुकाबले खेले गए हैं। सभी मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है। कीवी टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी अहम बातों को जानते हैं।
हेड-टू-हेड
न्यूजीलैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा रहा है भारी
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान कीवी टीम सिर्फ 6 मुकाबले जीतने में सफल हो पाई है। दक्षिण अफ्रीका ने 11 मैच अपने नाम किए हैं। दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी 3 मैचों में कीवी टीम ने बाजी मारी है। इस विश्व कप में एडेन मार्करम की टीम ने अपने पहले दोनों मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड को भी अपने पहले दोनों मुकाबलों में जीत मिली है।
प्लेइंग इलेवन
ये हो सकती है दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
अफगानिस्तान के खिलाफ मिली जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम के गेंदबाज बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। पिछले मैच में कगिसो रबाडा और केशव महाराज का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। बल्लेबाजी में डेवाल्ड ब्रेविस से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी।
एकादश
न्यूजीलैंड की टीम इन खिलाड़ियों को दे सकती है मौका
न्यूजीलैंड ने UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ 174 रन का लक्ष्य बिना विकेट खोए ही हासिल कर लिया था। सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट और फिन एलन ने कमाल की पारियां खेली थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इन खिलाड़ियों से एक और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में भी टीम बेहतर करना चाहेगी। संभावित एकादश: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और जैकब डफी।
पिच
ऐसी होगी नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। ऐसे में बल्ले और गेंद के बीच रोचक मुकाबला मिल सकता है।
जानकारी
कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 14 फरवरी को अहमदाबाद में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 17 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच बिना किसी खलल के होने की संभावना है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
सेफर्ट ने पिछले 6 मैचों में 257 रन बनाए हैं। फिलिप्स पिछले 7 मैचों में 218 रन बनाने में सफल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका से डिकॉक ने पिछले 9 मैचों में 383 रन बनाए हैं। मार्करम के बल्ले से 9 मैचों 277 रन निकले हैं। डफी ने पिछले 10 मैचों में 15 विकेट लेने में सफल रहे हैं। एनगिडी ने पिछले 7 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मैच अमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।