टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड और कनाडा के बीच पहली बार होगी भिड़ंत, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 31वें मुकाबले में मंगलवार (17 फरवरी) को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का सामना कनाडा क्रिकेट टीम से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। अब तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में दोनों टीमों के बीच कोई मुकाबला नहीं खेला गया है। ऐसे में दोनों टीमें एक-दूसरे को चुनौती देना चाहेगी। इस विश्व कप में कीवी टीम 2 जीत और एक हार मिली है, जबकि कनाडा ने अपने दोनों मैच गंवाए हैं।
एकादश
ऐसी हो सकती है न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। कीवी टीम की बल्लेबाजी खराब रही थी। इस मैच में सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट और फिन एलन बड़ी पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत देना चाहेंगे। इसी तरह रचिन रविंद्र और मार्क चैपमैन मध्यक्रम में बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। संभावित एकादश: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है कनाडा की टीम
कनाडा को दूसरे मैच में UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 विकेट से हार मिली थी। हर्ष ठाकर (50) को छोड़कर और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया था। कनाडा के गेंदबाजों का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में वह उस प्रदर्शन को भूलकर आगे बढ़ना चाहेंगे। संभावित एकादश: युवराज समरा, दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, श्रेयस मूव्वा (विकेटकीपर), हर्ष ठाकर, साद बिन जफर, जसकरण सिंह, डिलन हाइलिगर, कलीम सना और अंश पटेल।
पिच
कैसी होगी चेन्नई की पिच?
चेन्नई की पिच में आमतौर पर स्पिनरों को मदद मिलती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाज सतह का फायदा ले सकते हैं। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है, जो मैच के आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाज अगर अपनी नजरें जमा लें तभी बड़ा स्कोर बना सकते हैं। यहां बड़े-बड़े स्कोर बनते हुए नहीं देखे गए हैं। ऐसे में टीमों को संयम से खेलना होगा।
जानकारी
कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 17 फरवरी को चेन्नई में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
साइफर्ट ने पिछले 7 मैचों में 270 रन बनाए हैं। फिलिप्स पिछले 8 मैचों में 219 रन बनाने में सफल रहे हैं। कनाडा से युवराज सामरा ने 10 मैचों में 191.81 की स्ट्राइक रेट से 381 रन बनाए हैं। हर्ष ने 9 मैचों में 244 रन अपने नाम किए हैं। डफी पिछले 10 मैचों में 12 विकेट लेने में सफल रहे हैं। शिवम शर्मा ने पिछले 8 मैचों में 13 विकेट चटकाए हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
न्यूजीलैंड और कनाडा के बीच यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।