टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड ने कनाडा को हराते हुए सुपर-8 में किया प्रवेश
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 31वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने कनाडा क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हराते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया। कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 173/4 का स्कोर बनाया, जिसमें युवराज सामरा का शतक (110) शामिल रहा। जवाब में न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स (76 *) और रचिन रविंद्र (59*) की पारियों की मदद से 15.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
कनाडा से पारी की शुरुआत करने आए सामरा ने शतक लगाया। टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 36 रन की पारी खेलते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में न्यूजीलैंड को टिम साइफर्ट के रूप में पहला झटका। विकेटकीपर बल्लेबाज साइफर्ट सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए। फिन एलन (21) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद रचिन और फिलिप्स ने टीम को आसानी से जीत दिलाई।
शतक
युवराज सामरा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला शतक लगाया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा को सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा (36) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 गेंदों में 116 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान सामरा ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर उसके बाद तेजी से बल्लेबाजी करते हुए उसे शतक में तब्दील कर दिया। वह 65 गेंदों में 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 110 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
ICC टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
क्रिकबज के अनुसार, सामरा ने महज 19 साल और 141 दिन की उम्र में यह शतकीय पारी खेली है। वह अब किसी भी ICC पुरुष टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (20 साल 196 दिन) को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में पूर्व ऑस्ट्रेलिया कप्तान रिकी पोंटिंग (21 साल 76 दिन) तीसरे और श्रीलंका के आविष्का फर्नांडो (21 साल 87 दिन) चौथे नंबर पर हैं।
ग्लेन फिलिप्स
ग्लेन फिलिप्स टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड से सबसे तेज अर्धशतक वाले बल्लेबाज बने
फिलिप्स ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। वह 36 गेंदों में 76 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने आरोन रेडमंड और साइफर्ट के पिछले रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि रेडमंड और साइफर्ट ने सिर्फ 23-23 गेंदों में अर्धशतक लगाए थे।
रचिन रविंद्र
रचिन रविंद्र ने अपना चौथा अर्धशतक लगाया
रविंद्र ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। वह 39 गेंदों पर 59 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने अब तक 47 मैचों की 42 पारियों में 136.84 की स्ट्राइक रेट के साथ 702 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 69 रन रहा है। यह उनके टी-20 विश्व कप में पहला अर्धशतक साबित हुआ।
जानकारी
न्यूजीलैंड ने सुपर-8 में बनाई जगह
ग्रुप-D में मौजूद न्यूजीलैंड ने अपने 4 में से 3 मैच जीते। अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए कीवी टीम ने सुपर-8 में प्रवेश किया। इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका भी अगले दौर में जगह बना चुकी है।