टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को हराकर किया विजयी आगाज, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराकर अपने अभियान का विजयी आगाज किया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में कीवी टीम ने 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
न्यूजीलैंड ने इस तरह दर्ज की जीत
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया। उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और 44 रन तक 2 अहम झटके लग गए। उसके बाद गुलबदीन नायब (63) ने सिद्दीकुल्लाह अटल (29) और दरविश रसूली (20) के साथ साझेदारियां कर स्कोर को 182 तक पहुंचा दिया। जवाब में कीवी टीम को 2 शुरुआती झटके लगे, लेकिन उसके बाद टिम साइफर्ट (65) ने अर्धशतक, ग्लेन फिलिप्स (42) और मार्क चैपमैन (28) ने शानदार पारियां खेलकर टीम को जीत दिला दी।
बल्लेबाजी
नायब ने खेली अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी
अफगानिस्तान के लिए नायब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और कीवी टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 29 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है। वह 35 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों से 63 रन बनाकर आउट हुए। उनके अब 81 मैचों में 21.55 की औसत से 1,056 रन हो गए हैं।
उपलब्धि
नायब ने पूरे किए 1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
नायब ने इस पारी के दौरान खास उपलब्धि भी हासिल की। पारी का 7वां रन बनाते ही उनके इस प्रारूप में 1,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 9वें अफगानी बल्लेबाज बने हैं। वह अब अफगानिस्तान के लिए इस प्रारूप में 8वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस पारी के दौरान उन्होंने समीउल्लाह शिनवारी (1,013) को पीछे छोड़ दिया। अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक रन मोहम्मद नबी (2,440) के नाम दर्ज हैं।
स्कोर
अफगानिस्तान ने टी-20 विश्व कप में बनाया अपना चौथा सर्वोच्च स्कोर
अफगानिस्तान की ओर से इस मैच में बनाया गया 182/6 का स्कोर टी-20 विश्व कप में उनका चौथा सर्वोच्च स्कोर रहा है। उसका विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर 190/4 का रहा है, जो उसने 2021 में शारजहां में दक्षिण कोरिया के खिलाफ बनाया था। उसके अन्य 2 बड़े स्कोर में 2016 में नागपुर में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाया गए 186/6 और 2024 में प्रोविडेंस में जॉर्जिया के खिलाफ बनाया गया 183/5 है।
अर्धशतक
साइफर्ट ने अफगानिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक
कीवी टीम के लिए साइफर्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 39 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है। उन्होंने 42 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उनके अब 82 मैचों की 77 पारियों में 30.11 की औसत और 143.83 की स्ट्राइक रेट से 2,018 रन हो गए हैं।
उपलब्धि
साइफर्ट ने पूरे किए 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
साइफर्ट के इस पारी का 47वां रन बनाते ही उनके इस प्रारूप में 2,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 5वें कीवी बल्लेबाज बने हैं। न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन मार्टिन गुप्टिल (3,531) के नाम दर्ज हैं। साइफर्ट ने गेंदों के हिसाब से 5वें सबसे तेज 2,000 रन पूरे किए हैं। उन्होंने 1,395 गेंदों में यह कारनामा किया है। सबसे तेज 2,000 रन का रिकॉर्ड भारतीय कप्तार सूर्यकुमार यादव (1,164 गेंद) के नाम दर्ज है।