टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड ने UAE को हराते हुए दूसरा मैच जीता, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 11वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने UAE क्रिकेट टीम को 10 विकेट से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मुकाबले में UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 173/6 का स्कोर बनाया। जवाब में कीवी टीम ने फिन एलन (84*) और टिम साइफर्ट (89*) की पारियों की मदद से आसानी से जीत हासिल की। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
आर्यांश शर्मा (8) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान मुहम्मद वसीम (66) और अलीशान शराफू (55) ने अर्धशतक लगाए। आखिरी ओवरों के दौरान मयंक कुमार ने 13 गेंदों में 21 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में एलन और साइफर्ट की आक्रामक पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में 78/0 का स्कोर बनाया। इस सलामी जोड़ी ने निरंतर तेजी से बल्लेबाजी की और टीम को 16वें ओवर में जीत दिलाई।
वसीम
वसीम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना 26वां अर्धशतक लगाया
UAE के कप्तान वसीम ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 26वां अर्धशतक लगाया। वह 45 गेंदों में 66 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। अपने बेमिसाल टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में वसीम ने 94 मैच खेले हैं और इसकी 94 ही पारियों में उन्होंने 37.5 की औसत और 150.70 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,302 रन बनाए थे।
साइफर्ट
साइफर्ट ने खेली जोरदार पारी, बने प्लेयर ऑफ द मैच
साइफर्ट ने पारी के छठे ओवर में मुहम्मद रोहिद खान की जमकर खबर ली। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पावरप्ले के आखिरी ओवर के दौरान 4 चौके और 1 छक्का लगाए। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह टी-20 विश्व कप इतिहास में न्यूजीलैंड से सबसे तेज अर्धशतक (संयुक्त रूप से) लगाने वाले बल्लेबाज बने। वह 42 गेंदों में 12 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर नाबाद रहे।
एलन
बेहतरीन रही एलन की पारी
न्यूजीलैंड से पारी की शुरुआत करने आए एलन ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने पारी का चौथा ओवर करने आए जुनैद सिद्दीकी के खिलाफ 2 छक्के लगाते हुए अच्छी लय के संकेत दिए। उन्होंने अपने अर्धशतक को पूरा करने के लिए 27 गेंदों का सहारा लिया। एलन ने 50 गेंदों में 5 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी खेली।
साझेदारी
शराफू और वसीम ने UAE के लिए की रिकार्ड साझेदारी
शराफू ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। वह 47 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। उन्होंने वसीम के साथ मिलकर 107 रन की साझेदारी की। क्रिकबज के अनुसार, वसीम और शराफू ने टी-20 विश्व कप में एक एसोसिएट टीम के लिए फुल मेंबर के खिलाफ पहली शतकीय साझेदारी की। इससे पहले सर्वोच्च साझेदार 98 रन (अफगानिस्तान बनाम जिम्बाब्वे, नागपुर, 2016) की थी।
जानकारी
न्यूजीलैंड ने पहली बार दर्ज की 10 विकेट की जीत
टी-20 विश्व कप इतिहास में यह न्यूजीलैंड की 10 विकेट की पहली जीत है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, ओमान, इंग्लैंड और पाकिस्तान ने 10-10 विकेट से मैच जीते हैं।