LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड बनाम नामिबिया मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
10 फरवरी को अपना दूसरा मैच खेलेगी नीदरलैंड (तस्वीर: एक्स/@KNCBcricket)

टी-20 विश्व कप 2026: नीदरलैंड बनाम नामिबिया मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Feb 09, 2026
05:32 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 10वें मैच में नीदरलैंड क्रिकेट टीम का सामना नामिबिया क्रिकेट टीम से 10 फरवरी को होगा। नीदरलैंड को अपने पहले मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ हार मिली थी। रोमांचक मैच में शिकस्त झेलने वाली डच टीम अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। ग्रुप-A में मौजूद नामिबिया की टीम अपना पहला मैच खेलना जा रही है और टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत की उम्मीद करेगी। ऐसे में मैच से जुड़ी जानकारी पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

नीदरलैंड का पलड़ा रहा है भारी 

अब तक की भिड़ंत में नीदरलैंड का पलड़ा भारी रहा है। हाउस्टेट के मुताबिक, दोनों टीमें 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 3 मैच नीदरलैंड ने जीते हैं और 1 मुकाबला नामीबिया ने अपने नाम किया है। इस बीच 1 मैच बेनतीजा रहा था। आखिरी बार ये दोनों टीमें 2024 में आपस में भिड़ी थी, जिसका बारिश के कारण परिणाम नहीं निकल सका था।

नीदरलैंड 

ऐसी हो सकती है नीदरलैंड की टीम 

नीदरलैंड की ओर से माइकल लेविट, मैक्स ओडॉउड की सलामी जोड़ी मैदान पर उतरेगी। पिछले मैच में निराश करने वाले ओडॉउड अगले मुकाबले में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। गेंदबाजी में पाकिस्तान के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन (2/20) करने वाले पॉल वैन मीकेरेन अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: माइकल लेविट, मैक्स ओडॉउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान/विकेटकीपर), जैच लायन कैचेट, लोगन वैन बीक, रूलोफ वैन डेर मेर्वे, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, और पॉल वैन मीकेरेन।

Advertisement

नामिबिया

ऐसी हो सकती है नामिबिया की टीम 

नामीबिया ने अपने टी-20 विश्व कप अभियान से पहले 2 वार्म-अप मैच खेले थे। इस बीच स्कॉटलैंड के खिलाफ वार्म-अप मुकाबले में सलामी बल्लेबाज जान फ्रायलिंक ने 44 गेंदों में 88 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। वह टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे। संभावित एकादश: मालन क्रुगर, जान फ्रायलिंक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जे जे स्मिट, रूबेन ट्रम्पेलमैन, डायलन लीचर, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), जान बाल्ट, बर्नार्ड शोल्ट्ज, और बेन शिकोंगो।

Advertisement

पिच रिपोर्ट 

कैसा है पिच का मिजाज?

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे में उन्हें विकेट निकालने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से कुछ मदद मिल सकती है। यहां सर्वोच्च स्कोर भारतीय टीम (221/9 बनाम बांग्लादेश) के नाम है। यहां सबसे छोटा स्कोर श्रीलंका (120 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका) ने बनाया है।

जानकारी

10 फरवरी को ऐसा रहेगा दिल्ली का मौसम 

एक्यूवेदर के अनुसार, 10 फरवरी को दिल्ली में थोड़े बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दिन बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में बिना मौसम के खलल के मैच होने की उम्मीद है।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें 

ओडॉउड नीदरलैंड की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,000+ रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। वह उपयोगी पारी खेलना चाहेंगे। डच बल्लेबाज लेविट ने नामीबिया के खिलाफ अपने इकलौती पारी में शतक (135) लगाया था। गेंदबाजी में फ्रायलिंक नामीबिया की ओर से नीदरलैंड के खिलाफ 19.14 की औसत के साथ 7 विकेट ले चुके हैं। वह दोनों देशों के बीच हुए टी-20 मैचों में सर्वाधिक विकेट चटका चुके हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

नीदरलैंड और नामीबिया के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement